सेंधवा। नगर पालिका परिषद की भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति से गूंजे मुख्य मार्ग, पुलिस और किराना व्यापारियों ने भी निकाली तिरंगा यात्रा

सेंधवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष बसंती बाई यादव के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा पुराना बस स्टैंड, भवानी चौक, गुरुनानक चौक, गुरुद्वारा मार्ग, संत विनोबा मार्ग, मोतीबाग चौक, श्याम बाजार, राम बाजार होते हुए किले के अंदर संपन्न हुई। इसमें पार्षद, भाजपा कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा भारत माता की सेवा और सुरक्षा के प्रति दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। यह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को जन समर्थन देने का प्रयास है, जो आतंकवाद के विरुद्ध राष्ट्र की निर्णायक लड़ाई का प्रतीक है। प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है और हम सबका कर्तव्य है कि आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहें।

अधिकारी और गणमान्य उपस्थित
यात्रा में एसडीएम आशीष, एसडीओपी, तहसीलदार राहुल, नायब तहसीलदार शर्मा, सीएमओ मधु चौधरी, उपयंत्री सचिन अलुने, विशाल जोशी, राहुल पवार, सुरेश गर्ग, गणेश राठौड़, प्रकाश निकुम, लला शर्मा, विवेक तिवारी, रोहित गर्ग, लक्ष्मी शर्मा, ललिता शर्मा, लता चौधरी, अनीता धामोने, कृष्णा पालीवाल सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

पुलिस ने निकाली बाइक रैली-
शहर पुलिस ने तिरंगे हाथ में लेकर बाइक रैली निकाली। शहर के मुख्य मार्गों से निकलते हुए पुलिसकर्मियों ने देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान शहर थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मी शामिल रहे। शहर में किराना व्यापारियों ने भी तिरंगा यात्रा निकाली।





