जयसिंह डुडवे बने भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष, मगन जमरे को मिली प्रवक्ता की जिम्मेदारी
भवरगढ़ किला स्थित बिजासन घाट में आयोजित बैठक में आम सहमति से भारत आदिवासी पार्टी की जिला कार्यकारिणी घोषित

सेंधवा में भारत आदिवासी पार्टी की बैठक में जिले की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में जयसिंह डुडवे को जिलाध्यक्ष और मगन जमरे को जिला प्रवक्ता नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश निनामा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में तय हुई नई कार्यकारिणी
सेंधवा। बिजासन घाट स्थित भवरगढ़ किला परिसर में भारत आदिवासी पार्टी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक क्रांतिकारी योद्धा खाज्या नायक की कर्मभूमि पर उनकी छत्रछाया में हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश निनामा, योगेश करझले, खरगोन जिलाध्यक्ष कोलू खोड़े और प्रवक्ता सुनिल किराड़े उपस्थित रहे। पार्टी के वरला, सेंधवा, निवाली, पानसेमल, राजपुर और पाटी ब्लॉक से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं की आम सहमति और चयन प्रणाली से नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।
जयसिंह डुडवे बने जिलाध्यक्ष, मगन जमरे को मिली प्रवक्ता की जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी में जयसिंह डुडवे को भारत आदिवासी पार्टी का बड़वानी जिलाध्यक्ष बनाया गया, जबकि पानसेमल से जितेंद्र भंडारी को जिला उपाध्यक्ष और मगन जमरे को जिला प्रवक्ता नियुक्त किया गया। पदभार ग्रहण करते हुए मगन जमरे ने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाएंगे।
पार्टी को गांव से जिला स्तर तक मजबूत करने का संकल्प
मगन जमरे ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी आदिवासी समाज के अस्तित्व, अस्मिता और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों के लिए सतत संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक इमानदारी और निस्वार्थ भाव से कार्य करते हुए पार्टी को ग्राम पंचायतों से लेकर जिला स्तर तक सशक्त बनाने का प्रयास जारी रहेगा।