चाटली: पीएम श्री विद्यालय में सिकल सेल और स्वास्थ्य जागरूकता पर डॉ. जाट का मार्गदर्शन
पीएम श्री विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में सिकल सेल रोग, चोट-जलने और जानवर के काटने पर प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई।

चाटली। सत्याग्रह लाइव। पीएम श्री विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. संजय जाट ने छात्रों को सिकल सेल रोग, पालतू या आवारा जानवर के काटने और आग से जलने पर प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी।
चाटली के पीएम श्री विद्यालय में प्राचार्य शारदा जाधव के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. संजय जाट ने छात्र-छात्राओं को पालतू और आवारा जानवरों के काटने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कुत्ता, बिल्ली या अन्य पालतू जानवर के काटने पर बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए, और आवारा कुत्ते के काटने पर पास के अस्पताल में रैबीज का इंजेक्शन लगवाना जरूरी है, अन्यथा गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
आग से जलने पर प्राथमिक उपचार
डॉ. जाट ने बताया कि घर में भोजन बनाते समय आग का चटका लगने या शरीर का कोई अंग जलने पर तुरंत घर में उपलब्ध कॉस्मेटिक ट्यूब से प्रभावित स्थान पर मरहम लगाना चाहिए। यह प्रारंभिक उपचार दर्द और संक्रमण के खतरे को कम करता है।

सिकल सेल रोग की विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में डॉ. जाट ने सिकल सेल रोग के बारे में कहा कि यह एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जो तब होता है जब व्यक्ति को माता-पिता से सिकल सेल जीन की दो प्रतियां विरासत में मिलती हैं। इसमें लाल रक्त कोशिकाएं कठोर और दरांती के आकार की हो जाती हैं, जिससे वे रक्त वाहिकाओं में फंसकर दर्द और अन्य समस्याएं पैदा कर सकती हैं। स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाएं गोल होती हैं और आसानी से प्रवाहित होती हैं, जबकि सिकल कोशिकाएं मुड़ी हुई होती हैं।
आयरन की गोली के लाभ
विद्यालय के शिक्षक अरविंद सोलंकी ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से आयरन की गोली लेने की सलाह दी और इसके लाभ बताए। उन्होंने कहा कि आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बनाए रखने में मदद करता है, जिससे एनीमिया की रोकथाम होती है।
कार्यक्रम में शिक्षक मनोज मराठे, संतोष मुलेवा, नीरज मावले, बंसीलाल नरगावे, हार्दिक सोनी सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।



