
सेंधवा। अमरनाथ यात्रा में शामिल बड़वानी जिले के भूतपूर्व सैनिक संगठन के जिला अध्यक्ष नीरज माहूले ने अपने जत्थे के साथ पहलगाम बेस कैंप पर सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने CRPF IG राजेश कुमार और जम्मू-कश्मीर पुलिस के IG से चर्चा की। माहूले ने बताया कि इस वर्ष यात्रा व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। कैंप में पर्याप्त टेंट, शुद्ध पेयजल, पेवरयुक्त सड़कें, बेहतर साफ-सफाई, स्नानागार और शौचालयों की समुचित व्यवस्था की गई है।
नीरज माहूले ने CRPF IG राजेश कुमार के समक्ष तत्काल परमिट और टोकन व्यवस्था को एक ही स्थान पर सुनिश्चित करने की मांग रखी। इस पर IG ने आश्वस्त किया कि अगली बार यह असुविधा दूर कर दी जाएगी।
वहीं अमरनाथ यात्रा से लौटे निवाली निवासी शिक्षक विकास नागराज ने शिक्षक मनोज मराठे से परमिट प्रक्रिया की जानकारी ली। मराठे ने बताया कि अमरनाथ यात्रा का परमिट दो माह पूर्व मेडिकल जांच के बाद ऑनलाइन जारी होता है। कुछ यात्री यदि ऑनलाइन परमिट न ले सकें तो यात्रा के दौरान प्रतिदिन 500 टोकन जारी किए जाते हैं, जिसके आधार पर ऑफलाइन परमिट जारी होता है। बिना परमिट किसी भी यात्री को यात्रा की अनुमति नहीं मिलती।
इस वर्ष बड़वानी जिले से नीरज माहूले के नेतृत्व में जत्थे में राज विश्वकर्मा, अक्षय माहूले, अनीता माहूले, वर्षा विश्वकर्मा, गौरव अग्रवाल, संतोष विश्वकर्मा, संतोष गुप्ता, संजय विश्वकर्मा, प्रमोद विश्वकर्मा सहित कई तीर्थयात्री शामिल हुए।
यात्रा से लौटने पर मनोज मराठे, संतोष मुलेवा, शैलेन्द्र सोनी, हार्दिक सोनी, सुनीता नायर सहित अन्य शिक्षकों ने सभी का स्वागत किया और सफल यात्रा के लिए बधाई दी।