बड़वानीमुख्य खबरे
पानसेमल कृषि उपज उपमंडी में मक्का व सोयाबीन विक्रय सत्र का शुभारंभ किसानों में उत्साह, मंडी में व्यापारिक रौनक बढ़ी

पानसेमल। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र की कृषि उपज उपमंडी में आज मक्का और सोयाबीन विक्रय सत्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का श्रीगणेश विधायक श्याम बर्डे ने पूजन कर किया। इस अवसर पर किसानों में खासा उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। उपज की खरीदी प्रारंभ होते ही मंडी परिसर में व्यापारिक गतिविधियाँ तेज हो गईं और रौनक छा गई।
विधायक बर्डे ने कहा कि किसानों की मेहनत और लगन से उपजी यह फसल क्षेत्र की समृद्धि, आत्मनिर्भरता और खुशहाली का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि विकास को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर उपस्थित किसानों को उन्होंने शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत महाजन, वरिष्ठ मनोहर पटेल, देवराज पाटिल, ओमप्रकाश खंडेलवाल, हितेश हरसोला, निम्बासिंह राजपूत, श्रीचंद्र चौहान, रमेशचंद्र सिसोदिया, थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन, मंडी सचिव सैनानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और किसान उपस्थित रहे।




