बड़वानी में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी का भव्य स्वागत, बोले– संगठन मजबूत बनाना प्राथमिकता
प्रदेश महामंत्री बनने के बाद बड़वानी पहुंचे राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, कहा—हर कार्यकर्ता को मिलेगा सम्मान, संगठन रहेगा मजबूत।

बड़वानी; रमन बोरखड़े। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी के बड़वानी प्रथम आगमन पर जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। ठीकरी से लेकर मुख्यालय तक कार्यकर्ताओं ने जोश से स्वागत किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और हर कार्यकर्ता को सम्मान देने की बात कही।
ठीकरी से बड़वानी तक हुआ भव्य स्वागत
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी का प्रदेश पद संभालने के बाद पहली बार बड़वानी आगमन हुआ। ठीकरी से लेकर बड़वानी तक कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और नारों के साथ स्वागत किया। मुख्यालय पहुंचने पर वाहन और दोपहिया वाहनों के काफिले के साथ उन्हें नगर में लाया गया, जहां भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर जिले भर से पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संगठन की मजबूती और कार्यकर्ता सम्मान पर दिया जोर
डॉ. सोलंकी ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाना और प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान मिलना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक आदिवासी किसान पुत्र पर भरोसा जताकर जो जिम्मेदारी दी है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरे उतरेंगे। सोलंकी ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

“भाजपा सिर्फ पार्टी नहीं, एक परिवार है”
सांसद डॉ. सोलंकी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है, क्योंकि संगठन को प्रदेशभर में सशक्त बनाना ही प्राथमिक लक्ष्य है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के स्नेह और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि वह पूरी निष्ठा से पार्टी नेतृत्व के भरोसे पर खरे उतरेंगे।
पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि जिले के लिए यह गर्व की बात है कि राज्यसभा सांसद को प्रदेश संगठन में महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में जिले के कार्यकर्ता 2028 के चुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे। पूर्व विधायक प्रेमसिंह पटेल ने कहा कि डॉ. सोलंकी के नेतृत्व से युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। इस मौके पर पानसेमल विधायक श्याम बर्डे, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, महिला मोर्चा प्रदेश सहकोषाध्यक्ष जया शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





