
संतों के आगमन का सिलसिला जारी – नानीबाई के मायरे की कथा का हुआ शुभारंभ
इंदौर, । पितृ पर्वत पर चल रहे 25 कुंडीय खाटू श्याम महायज्ञ में आज भी अनेक संत, विद्वानों ने आकर विद्वानों एवं यजमानों का मार्गदर्शन किया। अंबिकापुरी स्थित खाटू श्याम धाम मंदिर के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में गत 30 नवम्बर से चल रहे इस महायज्ञ में 25 कुंडों पर 100 से अधिक यजमान 61 विद्वानों के निर्देशन में ‘ओम श्री श्याम देवाय नमः’ मूल मंत्र से आहुतियां समर्पित कर रहे हैं। यज्ञशाला की परिक्रमा करने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। पिछले दो दिनों में यहां सवा लाख आहुतियां समर्पित की जा चुकी हैं।
आयोजन समिति के प्रमुख महंत नीलू बाबा ने बताया कि महायज्ञ के तृतीय सौपान पर आज भी संतों के आगमन का क्रम जारी रहा। इनमें महामंडलेश्वर आनंदीमाई, महामंडलेश्वर ऋषिदास महाराज, महामंडलेश्वर राघवेन्द्रदास महाराज, महामंडलेश्वर गिरधर महाराज सहित अनेक संत, विद्वान शामिल हैं। सभी संतों का स्वागत अ.भा. बलाई महासभा के अध्यक्ष मनोज परमार, उमेश अग्रवाल, दीपक शर्मा, अशोक शर्मा, अशोक सौलंकी, पवन तिवारी आदि ने किया। अंतर्राष्ट्रीय खाटू श्याम अखाड़े के महांडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज के सानिध्य में प्रतिदिन फलों के रस, जड़ीबूटी, औषधियों एवं श्याम बाबा को प्रिय व्यंजनों से आहुतियां समर्पित की जा रही हैं। पितृ पर्वत पर स्वाहाकार की मंगल ध्वनि दिनोंदिन व्यापक होती जा रही हैं। अब तक यहां प्रतिदिन 60 हजार आहुतियों की गणना से सवा लाख आहुतियां संपन्न हो चुकी हैं। यजमानों से लेकर परिक्रमा करने वालो की संख्या में भी निरंतर बढोत्तरी हो रही है। गुरुवार रात श्याम भक्त श्याम प्रिया मुस्कान शर्मा के श्रीमुख से नानीबाई के मायरे की कथा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महांमडलेश्वर गोपालदास महाराज एवं अन्य अतिथियों ने मुस्कान शर्मा एवं व्यसपीठ का पूजन किया।