
रविवार को लाभमंडपम में सजेगी नादब्रह्म की सुरीली महफिल,29 मार्च को
गोल्डन बीट्स’ से गूँजेंगी सप्तरंगी स्वर लहरियां
इंदौर।, 29 मार्च, रविवार को शहर के रेसकोर्स रोड स्थित लाभमंडपम सभागार में संगीत प्रेमियों के लिए विशेष कार्यक्रम “नादब्रह्म” का आयोजन किया जा रहा है। “सप्तरंगी स्वर लहरियां – भाग 12” की इस श्रृंखला में इस बार ‘गोल्डन बीट्स’ की सुरीली सौगात पेश की जाएगी, जिसका आगाज़ शाम 4:30 बजे से होगा। इस संगीतमय शाम में शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व अपनी गायकी के हुनर का प्रदर्शन करेंगे, जिनमें चिकित्सा और व्यवसाय जगत के प्रमुख नाम शामिल हैं।
कार्यक्रम के बारे में संयोजिका ममता मेहता ने बताया कि “नादब्रह्म का यह 12वां संस्करण संगीत के प्रति हमारे अटूट प्रेम और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य इस मंच के माध्यम से ऐसी स्वर लहरियां पैदा करना है जो श्रोताओं के मन को शांति और प्रसन्नता प्रदान करें। ‘गोल्डन बीट्स’ के अंतर्गत हम उन सदाबहार धुनों को फिर से जीवंत करने का प्रयास कर रहे हैं जिन्होंने दशकों से हमारे दिलों पर राज किया है। हम इंदौर के सभी संगीत प्रेमियों को इस महफ़िल का हिस्सा बनने के लिए सादर आमंत्रित करते हैं।”
एक ओर शहर के प्रोफेशनल्स डॉ. अमिताभ गोयल, डॉ. संजय भटनागर, डॉ. मिताली श्रीमाल और डॉ. सुरेखा सोनी मंच संभालेंगे, दूसरी ओर शहर के प्रसिद्ध व्यवसाई आशुतोष कडेल, मयंक खंडेलवाल एवं नरेश शुक्ला अपनी सुरीली गायकी से समां बांधेंगे। दीपेश जैन एवं टीम द्वारा उत्कृष्ट संगीत संयोजन किया गया है, जबकि स्वरांश टीम कोरस के माध्यम से सुरों में मधुरता घोलने का कार्य करेगी।
श्रीमती मेहता ने बताया कि कार्यक्रम निर्धारित समय पर प्रारंभ हो जाएगा और इसमें संगीत प्रेमी सादर आमंत्रित हैं।



