
छत्रीबाग जनसेवा समिति से जुड़े 50 भक्तों का समूह 20 दिवसीय धार्मिक यात्रा पर प्रस्थान
इंदौर,। छत्रीबाग जनसेवा समिति से जुड़े 50 भक्तों का एक समूह मंगलवार को अयोध्या, काठमांडू (नेपाल), गंगा सागर एवं जगन्नाथपुरी की 20 दिवसीय धार्मिक यात्रा पर मालवा मिल, न्यू देवास रोड स्थित जिनिंग फैक्ट्री के सामने से बस द्वारा प्रस्थित हुआ। साईं भक्त और अखंड धाम संत सम्मेलन समिति के अध्यक्ष हरि अग्रवाल एवं अशोक गोयल ने यात्रियों को छत्रीबाग जनसेवा समिति के अध्यक्ष रमेश मोटवानी, अनंत सोनवने, मनोज तारे, सुरेन्द्र सिंह तोमर, पवन राठौर एवं महेंद्र सिंह गौड़ के साथ हरी झंडी दिखाकर बिदा किया। 20 दिवसीय इस यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु विभिन्न तीर्थ स्थलों पर देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर को निरंतर स्वच्छता में अग्रणी बने रहने में जन सहयोग का सन्देश भी देंगे और परिवार, समाज एवं राष्ट्र में सुख, शांति और सद्भावना के लिए प्रार्थना भी करेंगे। इसके पूर्व भी अयोध्या में रामलला मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय भी छत्रीबाग जनसेवा समिति से जुड़े भक्तों ने वहां अन्न क्षेत्र में सेवा एवं सफाई का सन्देश दिया था। सभी यात्री 13 अप्रैल को इंदौर लौट आएंगे।



