
*सांसद शंकर लालवानी के प्रयासों से मिलेगी बड़ी सौगात, 24 मार्च को इंदौर एयरपोर्ट पर नवीनीकृत टर्मिनल (T-1) का लोकार्पण, यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं*
– – *उचित दरों वाला उड़ान कैफे शुरू होगा*
– – *हर साल 10 लाख अतिरिक्त यात्री सफर कर पाएंगे*
– – *नवीनीकृत टर्मिनल पर 50 करोड़ रु से अधिक की लागत*
– – *यात्रियों को लाइब्रेरी की सुविधा भी मिलेगी*
– – *स्वयं सहायता समूहों के लिए ‘अवसर’ स्टॉल शुरू होगा*
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर नवीनीकृत पुराने टर्मिनल भवन (T-1) का लोकार्पण 24 मार्च को किया जाएगा। इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राममोहन नायडू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। इस टर्मिनल के शुरू होने से एयरपोर्ट की कुल क्षमता बढ़कर सालाना 50 लाख यात्रियों तक पहुंच जाएगी।
इसके शुरू होने से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी और एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राममोहन नायडू का आभार व्यक्त करते हुए कहा –
“इंदौर एयरपोर्ट का तेजी से विकास हो रहा है। इसकी प्रगति के लिए केंद्र सरकार से हर संभव सहयोग मिल रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो पा रही हैं।”
लगभग ₹50 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार इस टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। टर्मिनल में करीब 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, 14 चेक-इन काउंटर, आगमन व प्रस्थान क्षेत्र में आरक्षित लाउंज तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष चेक-इन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही बड़ी पार्किंग की व्यवस्था भी विकसित की गई है।
यात्रियों की सुरक्षा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए टर्मिनल में 3 एक्स-रे मशीनें लगाई गई हैं, जिससे चेकिंग प्रक्रिया तेज होगी। इसके अलावा आधुनिक सुरक्षा उपकरण भी स्थापित किए गए हैं, जिससे किसी भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री का समय रहते पता लगाया जा सके।
वर्तमान विंटर शेड्यूल के अनुसार 16 ATR विमान सेवाओं को इस टर्मिनल से संचालित किया जाना प्रस्तावित है, जिससे प्रतिदिन लगभग 2739 यात्रियों का आवागमन यहां से होगा। इससे न्यू टर्मिनल बिल्डिंग पर पीक समय में पड़ने वाला दबाव कम होगा और यात्रियों को अधिक सहज अनुभव मिलेगा।
वर्तमान टर्मिनल भवन में भी यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई नई सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। इनमें –
– UDAN यात्री कैफे, जहां किफायती फूड आइटम्स उपलब्ध होंगे। यहां चाय 10 रु, समोसा 20 रु, पोहा 20 रु और पानी की बोतल 10 रु में उपलब्ध होगी।
– फ्री वाई-फाई सुविधा
– ‘अवसर’ स्टॉल, जिसे स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से इंदौर की महिलाएं संचालित करेंगी
– फर्स्ट फ्लोर पर Flybrary, जहां कोई भी व्यक्ति पुस्तक दान कर सकता है और यात्री पढ़ सकते हैं
इसके साथ ही टर्मिनल के री-कॉन्फ़िगरेशन के जरिए यात्री प्रवाह को बेहतर बनाया गया है, जिससे चेक-इन से लेकर बोर्डिंग तक की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी।
सांसद लालवानी ने कहा कि यह पहल इंदौर एयरपोर्ट को और अधिक सक्षम, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी।



