
महिला संगीत एवं फूलों की होली से हुआ अग्रसेन महासभा के सामूहिक विवाह का शुभारंभ
बायपास स्थित अग्रसेन महासभा भवन पर आज सायं 4 युगलों का होगा परिणय बंधन – अनेक उपहारों सहित देंगे बिदाई

इंदौर। ’ ’नाचो आज, झूमो आज, गाओ खुशी के गीत रे… ’ ‘राजा की आएगी बरात…’ ‘आओ सखी मुझे मेहंदी लगा दो…’मानों हमारा एहसान कि लडके ने हां कर दी…’ ’गंगा मैया में जब तक पानी रहे…’ ये चंद गीतों की बानगी है जो शुक्रवार शाम श्री अग्रसेन महासभा द्वारा बायपास स्थित भवन पर प्रारंभ हुए 4 युगलों के दो दिवसीय सामूहिक परिणय उत्सव के शुभारंभ पर आयोजित महिला संगीत में बड़े उत्साह के साथ गूंजे। बाद में यह महफिल फाग महोत्सव एवं फूलों की होली में बदल गई। वर-वधू पक्ष के दूर-दूर से आए मेहमानों और संस्था के पदाधिकारियों ने महिला संगीत के इस आयोजन को कुछ इस अंदाज में संजोया था मानो घर की ही शादी हो। शनिवार को सामाजिक सरोकार के लिए शपथ ग्रहण के साथ नवयुगल आठ फेरे लेकर विदा होंगे। आठवां फेरा शहर को नौंवी बार स्वच्छता में अव्वल बनाने में सहयोग करने तथा किसी भी मांगलिक प्रसंग पर भोज में जूठन नहीं छोड़ने के संकल्प के साथ लिया जाएगा।
महासभा के अध्यक्ष कैलाश नारायण बंसल, मंत्री राजेश मित्तल, प्रमुख संयोजक राजेश जिंदल एवं अरुण आष्टावाले के मार्गदर्शन में सामूहिक विवाह का यह 35वां आयोजन है। संध्या को 4 बजे से ही वर-वधू एवं उनके मेहमानों के आगमन का क्रम शुरू हो गया था। महासभा की ओर से सतीश गुप्ता, बृजकिशोर गोयल, अरुण जैन एवं प्रमोद बिंदल ने उनका स्वागत किया। महासभा के वातानुकूलित भवन के कक्षों में सभी मेहमानों के आवास की व्यवस्था सुनिश्चित हो जाने के बाद संध्या को महिला संगीत का सिलसिला शुरू हुआ जो कुछ समय में ही फाग एवं फूलों की होली में बदल गया। गुलाब, गुलदावदी, मोगरा एवं अन्य सुगंधित फूलों की वर्षा के बीच मेहमानों ने इस संध्या को उस वक्त और दिलचस्प बना दिया जब नवयुगलों ने भी होली का आनंद लिया। इस मौके पर महासभा की ओर से प्रचार संयोजक अजय आलूवाले एवं सीए एसएन गोयल ने बताया कि इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल एवं विनोद अग्रवाल के साथ राजेश गर्ग केटी, प्रकाश दीपचंद मोमबत्ती, प्रमोद बिंदल, महेंद्र पीडी अग्रवाल, ओमप्रकाश बंसल पम्प, प्रवीण मोरारका एवं विकास गोयल सहित बड़ी संख्या में महासभा के सदस्य एवं परिजन उपस्थित थे जिन्होंने सभी मेहमानों की अगवानी की।
आज सामूहिक विवाह, चल समारोह – स्वागताध्यक्ष प्रेमचंद गोयल एवं मोहनलाल बंसल ने बताया कि श्री अग्रसेन महासभा के दो दिवसीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में शनिवार, 14 फरवरी को सांय 7 बजे 4 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसके पूर्व सुबह 9 बजे से गणेश पूजन, दोपहर 12 बजे प्रीतिभोज, दोपहर 4.30 बजे सामेला, शाम 5 बजे बारात चल समारोह, शाम 6 बजे तोरण, शाम 7 बजे वरमाला एवं आशीर्वाद समारोह तथा शाम 7.30 बजे प्रीतिभोज के बाद रात्रि 8.30 बजे अग्नि की साक्षी में विद्वान पंडितों द्वारा सात फेरों सहित पाणिग्रहण संस्कार एवं रात 11 बजे बिदाई जैसी परंपरागत रस्मों का निर्वहन होगा। प्रत्येक युगल के लिए समाजबन्धुओं के सहयोग से गृहस्थी चलाने योग्य उपहार भी भेंट किए जाएँगे।



