13 नवंबर को निकलेगी सरदार @ 150 युनिटी मार्च एक भारत श्रेष्ठ भारत की झलक दिखेगी
लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती 12 नवंबर को योग

लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती 12 नवंबर को योग
प्रतिमा पर माल्यापर्ण व विभिन्न वर्गों से संवाद के कार्यक्रम
13 नवंबर को निकलेगी सरदार @ 150 युनिटी मार्च एक भारत श्रेष्ठ भारत की झलक दिखेगी
युनिटी मार्च में स्कूल, कॉलेज, सामाजिक, व्यापारिक, खेल, सांस्कृतिक, धार्मिक संस्थाएं, एनजीओ, एनसीसी, स्काऊट शामिल होंगे
इंदौर। सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सरदार @150 युनिटी मार्च के प्रदेश संयोजक एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, श्रीमती मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया ,मधु वर्मा व नगर संयोजक हरप्रीत बक्शी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताया कि भारत की एकता एवं अखंड़ता के सूत्रधार लौहपुरूष वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में सरदार @150 युनिटी मार्च निकाली जा रही है, जिसके अंतर्गत 31 अक्टूबर से 25 नवंबर जिला स्तरीय पदयात्रा भी निकाली जा रही है। इंदौर में सरदार @150 युनिटी मार्च 12 नवंबर एवं 13 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नेताओं ने बताया कि सरदार पटेलजी को लौह पुरुष कहा जाता है। उनका अडिग विश्वास था “भारत एक है, भारत अखंड है, और भारत सदा-सर्वदा अखंड रहेगा।” साथियों, यह वही विश्वास है जिसे आज विकसित भारत 2047 के संकल्प के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आगे बढ़ा रहे हैं। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। सरदार पटेल ने जिस तरह बिखरे हुए भारत को एक भारत बनाया, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी। इस अभियान के जरिए युवाओं को एक भारत और आत्मनिर्भर भारत के आदर्श अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नेताओं ने बताया कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, माय भारत (MY Bharat) के माध्यम से विकसित भारत पदयात्राएँ आयोजित कर रहा है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। इसी पहल के तहत, 6 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय ने सरदार@150 युनिटी मार्च की शुरुआत की। इसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक, सभी मिलकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनेंगे।
इंदौर लोकसभा में 3 दिन निकलेगा मार्च
नेताओं ने बताया कि प्रत्येक लोकसभा के सभी जिलों में 3 दिन यह मार्च निकाला जाएगा। इंदौर लोकसभा क्षेत्र में भी यह पदयात्रा 3 दिन निकाली जाएगी। इंदौर नगर में 12 और 13 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 12 नवंबर को कार्यक्रम की शुरूआत सुबह 7 बजे योगाभ्यास से होगी, उसके पश्चात् सुबह 9 बजे छोटी ग्वालटोली स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यापर्ण के पश्चात् सभी विधानसभाओं में विभिन्न वर्गों से सरदार पटेल के जीवन पर आधारित संवाद किए जाएंगे, जिसमें विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में पिछड़ा वर्ग, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 में महिला वर्ग, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 में अग्रवाल और वैश्य समाज, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 में सिंधी समाज, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग, और राऊ विधानसभा में विभिन्न समाजों से संवाद किया जाएगा।
13 नवंबर को दोपहर 03 बजे मार्च चिकमंगलूर चौराहे से प्रारंभ होगा, जो जेल रोड़ होते हुए से रघुनाथपुरम् खातीपूरा मंदिर पर संपन्न होगा। मार्च में सरदार पटेल जी का बड़ा चित्र रहेगा। यात्रा में ढोल ताशे, नर्तक दल, महापुरूषों के वेश में बालक-बालिकांए शामिल रहेंगे। यात्रा का नेतृत्व सांसद श्री शंकर लालवानी करेंगे। मार्च के माध्यम से सरदार पटेलजी के कार्यों व विचारों का संदेश पहुंचाया जाएगा। जिन मार्गों से मार्च निकलेगा, वहां के रहवासियों, व्यापारियों द्वारा सड़कों पर रंगोली बनाकर, दीप जलाकर, वंदनवार सजाकर, पुष्पों से, रंग बिरंगे फीतों की कतरनों से जगह जगह मंच लगाकर पदयात्रियों का स्वागत किया जाएगा।
डिजिटल चरण की शुरुआत
6 अक्टूबर को केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया जी ने इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ MY Bharat पोर्टल पर किया। इस चरण में सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और सरदार@150 यंग लीड़र प्रोग्राम शामिल हैं। सरदार 150 यंग लीडर्स प्रोग्राम के 150 विजेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
इस अभियान के अंतर्गत होंगे अनेक आयोजन
नेताओं ने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्कूल, कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल जी के जीवन पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक का आयोजन करवाए जाएगें। इसके साथ ही युवाओं के बीच नशामुक्त भारत शपथ, संस्थानों में स्वदेशी मेलों का आयोजन, “गर्व से स्वदेशी” संकल्प भी दिलवाए जाएंगे। इस दौरान योग एवं हेल्थ शिविरों के साथ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान का भी आयोजन होगा। पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा/चित्र पर श्रद्धांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रमाण पत्र वितरण होगा।
एक भारत श्रेष्ठ भारत के होंगे दर्शन
यह राष्ट्र की चेतना को जगाने वाला अभियान है। इस अभियान के माध्यम से हम सभी के लिए एक बहुत बड़ा अवसर है, सरदार पटेल के पुरुषार्थ को नमन करने का, जिन्होंने बिखरे हुए भारत को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का स्वरूप दिया। यह मार्च जन-जागरण का महायज्ञ है और जैसे सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर एक भारत का निर्माण किया था, वैसे ही ये पदयात्रा लोगों के दिलों को जोड़ने का काम करेंगी। जब मार्च में भिन्न भिन्न समाजों, धर्मों अलग अलग क्षेत्रों के नागरिक अपनी अपनी पारंपरिक वेशभुषा में एकत्रित होकर साथ चलेंगे तो विभिन्न संस्कृतियों के दर्शन एक साथ होगें, सरदार पटेल के सपनों के एक भारत श्रेष्ठ भारत की झलक दिखलाई पड़ेगी।
सरदार पटेल की जन्मस्थली से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” केवड़िया तक निकाली राष्ट्रीय पदयात्रा
नेताओं ने बताया कि इस अभियान का सबसे बड़ा अध्याय 26 नवंबर को संविधान दिवस के दिन प्रारंभ होगा। उस दिन सरदार पटेल जी के जन्मस्थान करमसद से सरदार@150 युनिटी मार्च की राष्ट्रीय पदयात्रा “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” केवड़िया तक निकाली जाएगी। जो 6 दिसंबर को केवड़िया पहुंचेगी। इस पदयात्रा में प्रत्येक जिलों से 2-5 पदयात्री शामिल होगें। 152 किमी की पदयात्रा के दौरान रास्ते के गाँवों में सामाजिक विकास कार्यक्रम होंगे, जिनमें माय भारत, एनएसएस के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स और युवा लीडर भाग लेंगे। 150 पड़ावों पर सरदार पटेल के जीवन पर विकसित भारत की प्रदर्शनी और भारत की विविध संस्कृति का उत्सव मनाया जाएगा। प्रत्येक शाम को सरदार गाथा होगी, जिसमें पटेल जी के जीवन और योगदान की कहानियाँ सुनाई जाएगी।
जन-जन तक पहुंचाएगें सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व को पदयात्रा के माध्यम से सरदार पटेलजी के व्यक्तित्व कृतित्व और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उनके जीवन पर शोध करने वाले शोधार्थियों को स्कूल, कॉलेजों में आमंत्रित किया जाएगा ताकि सरदार पटेलजी के जीवन से जुड़ी सभी प्रेरक बातें युवाओं के बीच पहुंचाई जाएगी। पहली बार सरदार पटेल जी के जीवन पर नुक्कड़नाटक होंगे, यह आयोजन मॉल, पार्क, फूड कॉर्नर जैसे स्थानों पर किए जाएंगे। विकसित भारत बनाने की दिशा में मोदी सरकार की जो जनकल्याणकारी योजनाएं है, उनकी प्रदर्शनी, स्वच्छता अभियान हम पदयात्रा के रूट पर लगाई जाएगी। इस पूरे अभियान में माय भारत, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस के स्वयंसेवक हमारा सहयोग करेंगे।
युवाओं को “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प भी दिलाया जाएगा। सरदार पटेल का सपना था, कि भारत की आने वाली पीढ़ियां एकता और अखंडता के साथ आत्मनिर्भर और विकसित भारत में जन्म लें। यह हमारा कर्तव्य है, कि हम अखंड भारत के उस स्वप्न को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के रूप में साकार करें।
पंजीकरण
सभी पंजीकरण और गतिविधियाँ MY Bharat Portal https://mybharat-gov-in/pages/unity_march पर हो रही हैं। देशभर के युवाओं से आग्रह है कि वे इस ऐतिहासिक पहल में जुड़ें और सक्रिय भागीदारी करें।



