उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सेंधवा नगर परिषद को प्रशस्ति पत्र, सीएमओ मधु चौधरी को मिला सम्मान

सेंधवा। सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सेंधवा नगर परिषद को ए ग्रेड प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर जयति सिंह ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी मधु चौधरी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार, सितंबर माह में सेंधवा नगर परिषद ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ए ग्रेड हासिल किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने परिषद टीम की सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने से परिषद ने यह उपलब्धि प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचता है।
सीएमओ मधु चौधरी ने बताया कि सेंधवा नगर पालिका परिषद सितंबर 2023 से लगातार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ए ग्रेड पर आती रही है। इसी क्रम में, सितंबर माह में भी परिषद को ए ग्रेड प्राप्त होने पर जिला कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस सम्मान को नगर परिषद के सभी कर्मचारियों और नगरवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि टीमवर्क और पारदर्शिता से ही यह सफलता संभव हुई है। नगर परिषद की इस उपलब्धि पर नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव, उपाध्यक्ष मोहन जोशी, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, उपयंत्री सचिन अलुने और विशाल जोशी ने सीएमओ चौधरी एवं परिषद टीम को बधाई दी




