सेंधवा; दहेज प्रताड़ना का मामला: पति और ससुराल पक्ष पर केस दर्ज, मांगे थे 10 लाख रुपए
वरला पुलिस ने पति, ससुर, सास और तीन ननदों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

सेंधवा क्षेत्र की एक महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पति और परिजनों पर 10 लाख रुपए की मांग और मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बलवाड़ी निवासी एक महिला ने वरला थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसका ससुराल पक्ष उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। महिला ने बताया कि विवाह के बाद से ही पति और परिजन उससे पैसों की मांग कर रहे थे, जिससे उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा।
छह लोगों पर एफआईआर दर्ज
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि उसके पति तनवीर पिंजारी, ससुर हारून पिंजारी, सास रशीदा, ननदें हीना, सूफिया और आसिम पिंजारी उसे बार-बार परेशान करते थे। सभी आरोपी भिवंडी, महाराष्ट्र के निवासी हैं। महिला का आरोप है कि जब वह ससुराल जाती थी, तो वहां उसे 10 लाख रुपए लाने के लिए दबाव बनाया जाता था।
10 लाख की मांग और मारपीट का आरोप
पीड़िता मुस्कान ने बताया कि उसके पति तनवीर पिंजारी ने उससे कहा था कि “अब आना तो 10 लाख रुपये लेकर ही आना।” इस दौरान उसे कई बार शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी किया गया। पीड़िता की एक नौ माह की बेटी भी है, जिसके सामने यह सब होता रहा।
वरला थाना प्रभारी सौरभ बाथम ने बताया कि शिकायत के आधार पर सभी छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 296, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला जीरो पर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।