सेंधवा: तूफान और बारिश से फटाखा व्यापारियों को नुकसान, नपा अध्यक्ष ने पहुंचकर दी सांत्वना
शुक्रवार शाम आई तेज हवाओं और वर्षा से दशहरा मैदान पर लगी फटाखा दुकानों में नुकसान, नपा अध्यक्ष ने पहुंचकर व्यापारियों को हिम्मत दी और सुरक्षा के निर्देश दिए।

सेंधवा में शुक्रवार शाम आई तेज हवाओं और वर्षा से दशहरा मैदान पर लगी फटाखा दुकानों को भारी नुकसान हुआ। शनिवार को नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात की, सांत्वना दी और सुरक्षा व सफाई के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सेंधवा में आई तेज हवा और वर्षा के कारण दशहरा मैदान पर लगी फटाखा दुकानों में भारी नुकसान हुआ। अस्थाई रूप से लगाए गए टीन शेड और टेंट के उड़ जाने से कई दुकानों के फटाखे गीले हो गए। दीपावली पर्व को देखते हुए इन दुकानों को विशेष रूप से लगाया गया था। मौसम की इस विपरीत स्थिति ने फटाखा व्यापारियों को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया। शनिवार को नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव दशहरा मैदान पहुंचीं और प्रभावित फटाखा व्यापारियों से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि यह प्रकृति की मार है, जिसमें किसी का बस नहीं चलता। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि सबसे बड़ी राहत यह है कि कोई जनहानि नहीं हुई। व्यापार में नुकसान-लाभ होता रहता है, इसलिए हिम्मत बनाए रखें।
अधिकारियों को दिए निर्देश
नपा अध्यक्ष यादव ने सीएमओ मधु चौधरी को निर्देश दिए कि फटाखा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए मैदान पर 24 घंटे फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रखी जाए और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही किसी व्यापारी को कोई परेशानी हो तो उस पर गंभीरता से कार्यवाही की जाए। इस दौरान पूर्व नपा अध्यक्ष अरुण चौधरी और सीएमओ मधु चौधरी भी मौजूद रहे।
नगर में भी नुकसान
ज्ञात है कि शुक्रवार शाम आई तेज हवाओं और बारिश से न केवल दशहरा मैदान बल्कि नगर के कई हिस्सों में भी नुकसान हुआ। कई स्थानों पर टीन शेड और पटरे उड़ गए, बिजली के खंभे व वृक्ष गिर गए। मक्का और कपास के व्यापारियों की फसलें, जो मैदान पर सूखने रखी थीं, वे भी भीगकर खराब हो गईं। करीब 5 से 6 घंटे तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।