खंडवा। कांग्रेस पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन, साधारण सम्मेलन में हंगामा, नर्मदा जल योजना, सफाई व्यवस्था और ठेकों में गड़बड़ी पर सत्ता पक्ष को घेरा

खंडवा। मुश्ताक मंसूरी। नगर निगम के साधारण सम्मेलन में बुधवार को कांग्रेस पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। विपक्षी पार्षद भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर अनोखे अंदाज में श्रब्ठ मशीन के फावड़े पर बैठकर निगम परिसर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है और विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं है।
नर्मदा जल योजना पर उठे सवाल
नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने नर्मदा जल योजना में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि शहरवासियों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पाइपलाइन फूटने पर कंपनी को दिए गए 14 करोड़ रुपये के भुगतान पर भी सवाल उठाए। इस मुद्दे पर सदन में लम्बी बहस चली।
सफाई व्यवस्था पर असंतोष
कांग्रेस पार्षद बबलू पटेल ने स्वच्छ भारत अभियान में नगर निगम के प्रदर्शन को असंतोषजनक बताया। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल है और जिम्मेदार अधिकारी लापरवाह हैं।
ठेका प्रबंधन और मछली चोरी का मामला
भाजपा पार्षद प्रकाश यादव ने भैरव तालाब, बस स्टेशन और नागचून तालाब में मछली पालन के ठेकों में अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तालाबों से मछलियों की चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। अध्यक्ष ने उनसे प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा।
गणेश विसर्जन कुंड पर खर्च पर सवाल
भाजपा पार्षद रामगोपाल शर्मा ने गणेश विसर्जन कुंड पर हुए खर्च की जानकारी मांगी। इंजीनियर भरत सुरझाये ने बताया कि इसके निर्माण पर करीब 9.5 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। बैठक में नए परिसीमन और नवचंडी मंदिर की दुकानों से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई। अध्यक्ष ने सभी विभागों को पारदर्शिता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।