इंदौर यातायात पुलिस द्वारा बस एवं ट्रक संचालकों की बैठक आयोजित
यातायात नियमों के पालन पर दिया गया विशेष जोर

इंदौर यातायात पुलिस द्वारा बस एवं ट्रक संचालकों की बैठक आयोजित
यातायात नियमों के पालन पर दिया गया विशेष जोर
इंदौर शहर में सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में तथा अति. पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय/यातायात) एवं पुलिस उपायुक्त (जोन-4/यातायात) के निर्देशन में पुलिस नियंत्रण कक्ष, मीटिंग हॉल में आज बस एवं ट्रांसपोर्ट संघों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
उक्त बैठक में यातायात पुलिस के समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय/यातायात) श्री आरके सिंह एवं पुलिस उपायुक्त श्री आनंद कलादगी ने कहा कि“आप सभी द्वारा अब तक यातायात पुलिस को जो सहयोग दिया गया है, वह सराहनीय है। ट्रैफिक मार्शलों की उपलब्धता में आपके द्वारा दिया गया सहयोग विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। प्रारंभिक दिनों में यातायात दबाव अधिक था, परंतु अब स्थिति में काफी सुधार हुआ है और ट्रैफिक मूवमेंट सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।”
● बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश-
1. सभी बस एवं ट्रक संचालक अपने वाहन चालकों के संपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर लें, जिनमें ड्राइविंग लाइसेंस (मीडियम/हेवी व्हीकल हेतु), फिटनेस सर्टिफिकेट एवं परमिट सम्मिलित हैं।
2. नॉन-कमर्शियल या फोर व्हीलर लाइसेंस वाले व्यक्ति किसी भी परिस्थिति में बस या भारी वाहन का संचालन नहीं करें।
3. वाहन पूरी तरह फिटनेस प्रमाणित एवं अधिकृत मार्ग (रूट परमिट) पर ही संचालित किए जाएं।
4. बस एवं ट्रक चालक नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं तथा वाहन की लोडिंग क्षमता से अधिक लोडिंग न करें।
5. अनावश्यक रेस या प्रतिस्पर्धा से बचें, ऐसे मामलों में दुर्घटनाएं बढ़ती हैं और कानूनी कार्रवाई अनिवार्य होगी।
6. शहर के मुख्य बस स्टॉप एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित चेकिंग की जाएगी। इसके लिए यातायात पुलिस, स्थानीय थाना पुलिस एवं आरटीओ का संयुक्त दल कार्य करेगा।
7. सभी संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी गाड़ियां केवल चिन्हित स्टॉपेज पर ही यात्रियों को बैठाएं या उतारें। सड़क पर कहीं भी रुकना या अनधिकृत स्टॉपेज बनाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक में उपस्थित सभी ट्रांसपोर्ट एवं बस संघों के प्रतिनिधियों ने यातायात पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया, शहर के बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन हेतु प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की सहमति जताई, साथ ही सभी के द्वारा कुछ सुझाव दिए गए हैं जिसमें रूट प्लानिंग आदि विषयों पर जानकारी दी गई जिसे वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संज्ञान में लिया गया व भविष्य में उन विषयों पर भी योजनाएं बनाई जाएगी।