सेंधवा; नाबालिग छात्रा से चाकू की नोक पर दुष्कर्म, वरला पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
वरला थाना क्षेत्र में 10वीं की छात्रा से चाकू दिखाकर दुष्कर्म, राज गोले और चेतन ठाकुर गिरफ्तार

सेंधवा के वरला थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक नाबालिग छात्रा के साथ चाकू की नोक पर दुष्कर्म की घटना सामने आई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
घटना शुक्रवार, 10 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे की है। इस प्रकरण में पुलिस ने दोनों आरोपियों राज गोले, निवासी वरला और चेतन ठाकुर, निवासी वरला को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी सौरभ बाथम के अनुसार, कक्षा 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा अपने घर से स्कूल जा रही थी। रास्ते में अपनी बुआ के घर के पास पहुंचते ही राज गोले और चेतन ठाकुर ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर गांव के ही एक खाली मकान में ले गए।
चाकू की धमकी और दुष्कर्म
पीड़िता के बयान के अनुसार, चेतन ठाकुर ने चाकू से धमकाते हुए कहा कि वह राज गोले के साथ कमरे में जाए। डर के मारे छात्रा कमरे में चली गई। चेतन ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया, जिसके बाद राज गोले ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब छात्रा ने शोर मचाया तो चेतन ने दरवाजा खोला और बाहर निकलते समय दोनों ने वीडियो भी बना लिया।
पुलिस कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 70(2), 65(1), 351(3), 127(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी सौरभ बाथम ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।