भोपाल: MP सरकार आज फिर 4,000 करोड़ का कर्ज लेगी
वित्तीय प्रबंधन के बीच बढ़ता कर्ज, लाड़ली बहना योजना और सेवा पर्व पर खर्च की तैयारी

मध्य प्रदेश सरकार आज 4,000 करोड़ रुपए का नया कर्ज लेने जा रही है। यह कर्ज लाड़ली बहना योजना, सेवा पर्व और विभिन्न परियोजनाओं पर खर्च किया जाएगा। इससे चालू वित्त वर्ष में कुल कर्ज 31,900 करोड़ और राज्य पर कुल बकाया कर्ज 4.53 लाख करोड़ रुपए पार हो जाएगा।
मोहन सरकार आज 4,000 करोड़ रुपए का नया कर्ज बाजार से लेगी। यह कर्ज तीन हिस्सों में होगा—1,500-1,500 करोड़ के दो और 1,000 करोड़ रुपए का एक लोन। इससे पहले 26 अगस्त को भी 4,800 करोड़ रुपए का कर्ज लिया गया था।
लाड़ली बहना और सेवा पर्व पर खर्च
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह धनराशि लाड़ली बहना योजना की आगामी किस्त, सितंबर में मनाए जाने वाले सेवा पर्व और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी। वित्त विभाग के अनुसार, कर्ज लोन लिमिट के भीतर लिया जा रहा है।
चालू वित्त वर्ष में कर्ज का आंकड़ा
आज के कर्ज के बाद चालू वित्त वर्ष में अब तक लिया गया कुल कर्ज 31,900 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। इससे राज्य पर बकाया कर्ज 4,53,640.27 करोड़ रुपए हो जाएगा, जबकि 31 मार्च 2025 तक यह 4,21,740.27 करोड़ रुपए था।
सरकार का वित्तीय दावा
सरकार का कहना है कि वित्त वर्ष 2023-24 में 12,487.78 करोड़ का राजस्व अधिशेष था। उस साल कुल आमदनी 2,34,026.05 करोड़ और खर्च 2,21,538.27 करोड़ रहा। 2024-25 के संशोधित अनुमान के अनुसार, 1,025.91 करोड़ का अधिशेष रहने की संभावना है।


