
सेंधवा। परमपिता परमेश्वर श्री सांब सदाशिव की कृपा से श्रावण मास के पावन अवसर पर महाराष्ट्र मंडल ब्राह्मण समाज सेंधवा द्वारा 17 से 23 अगस्त तक श्री शिवपुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर चित्रकूट धाम (उचेहरा, म.प्र.) से पधारे कथावाचक परमपूजनीय पंडित आदित्य प्रकाश त्रिपाठी जी का समाजजनों ने आत्मीय स्वागत किया। शोभायात्रा विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर से गणेश हॉल स्थित कथा स्थल तक निकाली गई। इसमें मुख्य यजमान श्री बसंत उपासनी व श्रीमती बिंदु उपासनी तथा श्री अशोक पाटिल व श्रीमती निर्मला पाटिल शिवपुराण को सिर पर धारण कर चल रहे थे। महिलाएं कलश और पुरुष शिवपुराण लेकर शोभायमान हुए। पंडित जी के मुखारविंद से प्रथम दिवस की कथा में शिव को सबसे प्रिय ‘सत्य’ का महत्व बताते हुए कहा गया कि सत्य ही शिव है और सत्य से ही जीवन का कल्याण संभव है। उन्होंने शिवपुराण की सात संहिताओं और 24 हज़ार श्लोकों के महत्व का वर्णन करते हुए इसे स्वयं शिव का विग्रह बताया। साथ ही बताया कि इसके श्रवण से 72 पीढ़ियां तर जाती हैं। कथा में शिवजी को मृत्यु लोक और गृहस्थ जीवन का देवता बताते हुए संस्कृत श्लोक के माध्यम से गृहस्थ आश्रम के आदर्श भी समझाए गए। कार्यक्रम का संचालन श्री किरण गोरे द्वारा किया गया।