राष्ट्रप्रेम की बनें मिसाल, 15 अगस्त मनाएं जैसे नया साल,
शहर के प्रमुख बैंड देंगे राष्ट्रीय गीतों की प्रस्तुतियां, 20 से अधिक डांस ग्रुप भी दिखाएंगे अपना हुनर-अश्विन जोशी

राष्ट्रप्रेम की बनें मिसाल, 15 अगस्त मनाएं जैसे नया साल,
आधी रात को राजबाड़ा पर होगा सैन्य अफसरों का सम्मान
शहर के प्रमुख बैंड देंगे राष्ट्रीय गीतों की प्रस्तुतियां, 20 से अधिक डांस ग्रुप भी दिखाएंगे अपना हुनर-अश्विन जोशी
इंदौर, । राष्ट्रप्रेम की बने मिसाल, 15 अगस्त मनाए जैसे नया साल…. इस सूत्र वाक्य के आधार पर प्रतिवर्ष राजबाड़ा पर 14 अगस्त की रात्रि को आजादी का जश्न मनाने वाले पूर्व विधायक अश्विन जोशी ने इस बार भी आजादी के जश्न को पूरे हर्षोल्लास के साथ नए कलेवर में संजोया है। जन चेतना अभियान के तत्वावधान में 14 अगस्त की रात को आजादी के 78 वर्षों के प्रतीक 78 दीपों की श्रृंखला प्रज्ज्वलित करने के बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम की प्रस्तुति के साथ ही इस जश्न का शुभारंभ होगा, जिसमें बैंड स्पर्धा, देश भक्ति के गीत, देश प्रेम से ओतप्रोत नृत्य की प्रस्तुति, ध्वजारोहण एवं आजादी के 78 वर्ष पूर्ण होने पर 78 पौंड का केक काटने जैसे जश्न नगर और देश के अनेक सपूतों का पुण्य स्मरण करने के साथ मनाए जाएंगे।
अभियान के संयोजक पूर्व विधायक अश्विन जोशी ने आज पत्रकारों को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि आजादी के यह महोत्सव राजनीति से ऊपर उठकर मौजूदा युवा पीढ़ी में बढ़ती चेतना तथा अभूतपूर्व उत्साह के उद्देश्य से किया जा रहा है। अभियान की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी हैं। महोत्सव का यह 29वां वर्ष है। इसके शुभारंभ के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलन कराने और देश को आजादी दिलाने में शहीद हुए अनाम शहीदों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद सेना के तीनों अंगों जल सेना, थल सेना एवं वायु सेना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने हेतु बीएसएफ के कर्नल, कैप्टन तथा जवानों को सम्मानित करने का कार्यक्रम भी रखा गया है। शहर की दो ऐसी प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने इंदौर के नाम को देशभर में रोशन किया है। अब तक इस श्रृंखला में कैप्टन मुश्ताक अली, डॉ. पी.एस. हार्डिया, पद्मश्री बाबूलाल पाटोदी, संजय जगदाले, पं. सत्यनारायण सत्तन, डॉ. राहत इंदौरी, पद्मश्री शालिनी ताई मोघे, डॉ. श्रीकांत जोग, गीतकार स्वानंद किरकिरे, अमरजीतसिंह सूदन, डॉ. सुनंदा जैन, रक्तदान करने वाले आगार, नेत्रदान के लिए प्रोत्साहित करने वाले मुस्कान ग्रुप, संविधान निर्मात्रा सभा के सदस्य रामचंद्र पहलवान एवं डॉ. भरत छापरवाल सहित अनेक विभूतियों को सम्मानित किया जा चुका है। इस अवसर पर जोशी के साथ शेख अलीम अंसारी, अनवर दस्तक, अंसाफ अंसारी, दीपू यादव, पं. संजय मिश्रा, सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव, गुलाब सोनकर, भूपेन्द्रसिंह सलूजा सहित अनेक कार्यकर्ता भी उपस्थित थे, जो आजादी के जश्न की व्यवस्थाओं में भागीदार बनेंगे।
जोशी ने बताया कि महोत्सव के लिए राजबाड़ा चौक पर विशाल मंच लगाया जाएगा, जहां शहर के ख्यातनाम बैंड मालवा स्टार, मंगलम, बॉबी बैंड आदि राष्ट्रीय गीतों पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्य समूह वाल्केनो डांस ग्रुप, जीटीवी पर इंडिया डांसिंग सुपर स्टापर सुपर 14 में डांस प्रस्तुति देने वाले कलाकार भी इस मौके पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वाल्केनो डांस एकेडमी, जैक्सन डांस ग्रुप, बीट बायज इंडिया, फिनेलाइन डांस ग्रुप, फायर बीट डांस ग्रुप, इंडियन डांस क्रू जैसे 20 ग्रुप अपने नृत्यों की प्रस्तुतियां देंगे। राष्ट्रीय गीतों की प्रस्तुति गायक अरविंद गोखले, बंडू कुलकर्णी, मनोज मयूर, प्रकाश चौहान, सुरेन्द्र कैथवास, आशीष रायकवार एवं सौन्या सिन्हा जैसे गायक तथा की-बोर्ड पर रमेश मकवाना, गीतेश सोनाईकर, ढोलकर राज बिजौरे, संदीप चौधरी, ऑक्टोपेड पर अमित साहू, अनूप कुलपारे एवं मयंक अकोदिया ढोल पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। एक टैंक आजादी महोत्सव का निमंत्रण देने हेतु आज से ही पूरे शहर में भ्रमण कर रहा है। आयोजन को लेकर प्रदेश एवं शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के आयोजन प्रारंभ हो गए हैं, जिनकी निश्चित ही प्रशंसा की जाना चाहिए। जन चेतना अभियान का प्रयास है कि ऐसा राष्ट्रीय प्रेम का वातावरण सारे देश में निर्मित हो।