सेंधवा: धनोरा से कमोद तक गूंजा ‘हर हर महादेव’, निकली 25 किमी लंबी बिरसा कांवड़ यात्रा
गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के साथ संपन्न हुई यात्रा, हर पड़ाव पर हुआ पुष्पवर्षा और स्वागत

सेंधवा। सत्याग्रह लाइव। सावन माह के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा धनोरा से कमोद तक 25 किलोमीटर लंबी बिरसा कांवड़ यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया।
सावन माह के पवित्र अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में भव्य ‘बिरसा कांवड़ यात्रा’ का आयोजन किया। यह यात्रा मोर्चा के जिला अध्यक्ष, डॉ. रेलाश सेनानी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत धनोरा गांव स्थित प्राचीन धनेश्वर महादेव मंदिर से हुई। यहां जल भरने के बाद श्रद्धालुओं ने लगभग 25 किलोमीटर की दूरी तय कर कमोद गांव के गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में प्रवेश किया। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के चेहरे पर भक्ति का उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। भगवा ध्वज लहराते हुए और साउंड सिस्टम पर बज रहे भजनों की धुन पर झूमते श्रद्धालु पूरे मार्ग में शिवभक्ति में लीन रहे।
पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
धनोरा से कमोद तक की यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। चाचरिया में श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। पूरे मार्ग पर सेवा भाव और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला।
जनजातीय मोर्चा की सक्रिय भागीदारी
मोर्चा के जिलाध्यक्ष, डॉ. रेलाश सेनानी ने जानकारी दी कि सावन के इस पावन अवसर पर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति की कामना को लेकर यह कांवड़ यात्रा आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक की भागीदारी उल्लेखनीय रही, जो समाज में सामूहिकता और भक्ति का संदेश देती है।
अन्य गणमान्य उपस्थित
यात्रा में हिन्दू जागरण मंच से दीपक शर्मा, मोर्चा के महामंत्री विनोद वसावे, प्रकाश चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ यात्रा पूरी की