
धरावरा धाम
धरावरा धाम आश्रम से निकली मंशापूर्ण महादेव की राजसी सवारी
इंदौर। धार रोड स्थित धरावरा धाम आश्रम पर महंत शुकदेव महाराज के सानिध्य मे श्रावण के अंतिम सोमवार को मंशापूर्ण महादेव की राजसी सवारी धूमधाम से निकाली गई। सवारी की तैयारियां पिछले कई दिनों से आसपास के 20 गांवों के भक्तों द्वारा की जा रही थी।
आश्रम प्रबंध समिति के डॉ. सुरेश चोपड़ा सुधीर अग्रवाल ,सीताराम नरेडी ने बताया कि मंशापूर्ण महादेव की राजसी सवारी के इस दिव्य आयोजन में बड़ी संख्या में शहरी एवं ग्रामीण श्रद्धालु शामिल हुए। सैकड़ों श्रद्धालु विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूप में भागीदार बने। बैंड-बाजे, ढोल-ताशे और लवाजमे सहित धरावरा धाम स्थित आश्रम और गंभीर नदी के तट से यह सवारी प्रारंभ होकर नाचते गाते भक्तों सहित विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर पहुंची जहां सैकड़ों ग्रामीण एवं शहरी भक्तों ने मंशापूर्ण महादेव का पूजन कर आरती में भाग लिया।
अयोध्या की टीम द्वारा अखंड रामायण पाठ– भक्त मंडल के रमेश मिश्रा, नानूराम चौधरी और प्रवीण मोहन चौधरी ने बताया कि आश्रम पर श्रावण मास के उपलक्ष्य में अयोध्या के प्रख्यात रामायणी पं. अनुरागदास एवं उनकी टीम के 9 सदस्यों द्वारा श्रावण के पहले दिन से ही अखंड रामायण पाठ का संगीतमय आयोजन किया जा रहा है। ढोलक, हार्मोनियम और तबला की संगत पर यह आयोजन पूरे क्षेत्र में लोकप्रिय बना हुआ है। सैकड़ों भक्त प्रतिदिन सुबह से देर शाम तक भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर विभिन्न अनुष्ठानों में भागीदारी दर्ज करा रहे हैं। अखंड रामायण पाठ में भी आश्रम से जुड़े सभी सदस्य 8-8 घंटे के लिए रामायण पारायण कर रहे हैं, जिसमें शहरी क्षेत्र के अलावा 20 गांवों के श्रद्धालु भी बारी-बारी से शामिल होकर पुण्य लाभ उठा रहे हैं। अखंड रामायण पाठ का यह सिलसिला 10 अगस्त तक जारी रहेगा।