सेंधवा: श्रीराम कथा की शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, पुष्प वर्षा से गूंजे चौक-चौराहे
सेंधवा में एकल अभियान व हरि कथा सत्संग समिति के तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ, नगरवासियों ने किया स्वागत

सेंधवा में एकल अभियान व श्री हरि कथा सत्संग समिति के तत्वावधान में श्रीराम कथा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रथ पर कथावाचिका गीता किशोरी विराजित रहीं। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुष्पवर्षा कर नागरिकों ने स्वागत किया।
सेंधवा। नगर में किले के अंदर मंडी शेड में एकल अभियान एवं श्री हरि कथा सत्संग समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से हुई। राम सियाराम जय जय राम की मधुर धुन पर बैंड की सुमधुर लहरियों के साथ सत्यनारायण मंदिर से श्याम बाजार, राम बाजार, किले गेट होते हुए कथा स्थल तक यह यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के कथा स्थल पर पहुंचने के बाद नपाध्यक्ष बसंती बाई यादव सहित अन्य श्रद्धालुओं ने व्यास पीठ का पूजन किया। मंगलवार को कथा के मुख्य यजमान पंकज झवर रहें।
रथ पर विराजित रहीं कथावाचिका गीता किशोरी
भव्य रथ पर कथाकार गीता किशोरी विराजमान थीं। शोभायात्रा में महिलाएं और बालिकाएं सिर पर कलश धारण किए चल रही थीं। नगरवासियों ने घरों की छतों व चौक-चौराहों से पुष्पवर्षा कर शोभायात्रियों का उत्साहवर्धन किया। अग्रवाल समाज, ब्राह्मण समाज, रोटरी क्लब, वैश्य समाज, पालीवाल समाज, सोनी समाज, जैन समाज सहित कई संगठनों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
एकल अभियान ने दिया सामाजिक संदेश
शोभायात्रा में एकल अभियान के ग्राम प्रमुख, सत्संग प्रमुख, आचार्य भाई-बहन पंचमुखी योजना के विभिन्न बैनरों के साथ शामिल हुए। उन्होंने शिक्षित भारत, स्वस्थ भारत, विकसित भारत, ग्राम स्वराज, व्यसन मुक्त समाज जैसे संदेशों के साथ जन जागरूकता फैलाई।
गीता किशोरी ने बताया राम कथा का महत्व
श्रीराम कथा के प्रथम दिवस पर साध्वी गीता किशोरी ने कथा महिमा बताते हुए कहा कि श्रीराम कथा से सभी समस्याओं का समाधान और बीमारियों का निदान होता है। कथा श्रवण करने से मन को शांति मिलती है। उन्होंने बताया कि रामचरित मानस में चार वक्ता- भगवान शिव, काकभुशुण्डि, याज्ञवल्क्य, तुलसीदास तथा चार श्रोता- पार्वती, गरुड़, भरद्वाज, तुलसीदास हैं। समिति के सचिव निलेश जैन ने बताया कि सात दिनों में अलग-अलग प्रसंगों का वर्णन होगा। कथा के दूसरे दिन शिव चरित्र एवं पार्वती विवाह का प्रसंग सुनाया जाएगा।
सनातनियों का सहयोग
इस आयोजन में सेंधवा के सभी सनातनियों का सहयोग मिला। एकल अभियान के कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। आज के कथा प्रसाददाता संजय सिंगनाथ थे।एकल अभियान की महिला अध्यक्ष निशा शर्मा और सचिव सुप्रिया वेध ने सभी महिला संगठनों और क्षेत्र के धर्मप्रेमी लोगों से कथा में शामिल होने का आग्रह किया है। इस अवसर पर योगिता जैन, ज्योति बैरागी, डॉ. नीलिमा पवार, अंकिता ओक, अंजना शर्मा, रेखा गर्ग, मनोरमा लोडारे और मंगला पंडित भी उपस्थित रहीं।