सेंधवा: 3.25 बजे जोरदार धमाके की आवाज, सुपर सोनिक बूम की आशंका, नुकसान की सूचना नहीं

सेंधवा में दोपहर करीब 3.25 बजे तेज धमाके जैसी आवाज से शहर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। निंबार्क कॉलोनी से लेकर अग्रवाल कॉलोनी और बिजासन तक लोगों ने कंपन और गूंज सुनकर घरों से बाहर निकलना पड़ा। भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने इसे सुपर सोनिक बूम की आशंका जताई है।
सेंधवा। मंगलवार दोपहर 3.25 से 3.30 बजे के बीच सेंधवा शहर और आसपास के गांवों में जोरदार धमाके जैसी आवाज गूंजी। निंबार्क कॉलोनी, अग्रवाल कॉलोनी, बसंत विहार, दारू गोदाम, भिंडा भवन, RTO बेड़ी, गवाड़ी, बड़ी बिजासन, जामानिया, मालवण्न, सोलवन जैसे क्षेत्रों में लोगों ने कंपन महसूस किया और गूंजती आवाज सुनी। विवेक तिवारी, तरूण जैन जामनिया, जीतू जैन जामनिया, प्रकाश सोनी श्यामदास कॉलोनी, अमीत पटवा शास्त्री कॉलोनी, कमलाकर सोनी, सोमीकांत जोशी देवझीरी कॉलोनी, राहुल अग्रवाल वरला रोड ने भी धमाके की आवाज सुनाई देने की पुष्टी की है।
भाजपा प्रवक्ता ने बताया अनुभव
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि दोपहर करीब 3.30 बजे उनके घर में तेज धमाके की आवाज हुई। दरवाजे और खिड़कियों में जोरदार कंपन हुआ, लगा जैसे किसी गाड़ी ने खिड़की से टक्कर मार दी हो। लेकिन बाहर कोई वाहन नजर नहीं आया। सुनील अग्रवाल ने आशंका जताई कि यह सुपर सोनिक बूम हो सकता है क्योंकि पूर्व में भी ऐसी ही आवाज सुनी गई थी।
ग्रामीण इलाकों में भी गूंज
अग्रवाल कॉलोनी के राजेंद्र शर्मा को भी भ्रम हुआ कि उनके घर का कांच टूट गया, लेकिन निरीक्षण करने पर सब कुछ सुरक्षित मिला।
सेंधवा के आसपास ग्राम सालीकला, गोई, गवाड़ी, जामनिया, बड़ी बिजासन, मालवण्न, सोलवन जैसे गांवों में भी इस आवाज की पुष्टि हुई है। लोग घरों से बाहर निकल आए और जगह-जगह भीड़ इकट्ठा हो गई।
कोई पुष्टी नहीं
अब तक प्रशासन की ओर से इस आवाज के कारण को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। कोई नुकसान भी सामने नहीं आया है, लेकिन रहस्यमयी आवाज को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर जारी है।