सेंधवा: सबरंग संस्था व पुलिसकर्मियों ने मिलकर मनाया तिरंगे का गौरव दिवस
थाना प्रभारी संतोष पाटीदार ने बताया तिरंगे का महत्व, अनीस शेख ने दिलाई सम्मान की शपथ

सेंधवा। नगर की सामाजिक संस्था सबरंग संस्था ने राष्ट्र ध्वज के प्रति सम्मान और जागरूकता को प्रोत्साहित करते हुए शहरी थाने में पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर राष्ट्र ध्वज का जन्मदिवस मनाया। इस अवसर पर खास अंदाज में केक काटकर तिरंगे का गौरव मनाया गया।
इस आयोजन में प्रभारी थाना प्रभारी संतोष पाटीदार, श्याम मिश्रा सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्यक्रम की गरिमा तब और बढ़ गई जब पुलिसकर्मियों ने भी तिरंगे के इतिहास और महत्व को आत्मसात करते हुए आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई।
सबरंग संस्था के अनीस शेख ने तिरंगे के इतिहास, निर्माण, उसके रंगों के महत्व, और संविधान में दर्ज इसके सम्मान के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित जनों को राष्ट्र ध्वज के प्रति सम्मान की शपथ भी दिलाई, जिससे वातावरण में देशभक्ति की भावना जागृत हुई।
कार्यक्रम में प्रभारी थाना प्रभारी संतोष पाटीदार ने अपने वक्तव्य में तिरंगे का महत्व बताते हुए कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान, बलिदान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि हर नागरिक को तिरंगे का सम्मान करना चाहिए।
इस अवसर पर संस्था के सदस्य मनोज पालीवाल, सूपडू जाधव, बुद्ददेव, तथा संदीपनी विद्यालय के प्राचार्य आशीष कुमार श्रीवास भी उपस्थित रहे। सभी ने इस अनूठी पहल की सराहना की और इसे नई पीढ़ी में देशप्रेम जागृत करने का माध्यम बताया।