बड़वानी में शास्त्रीय नृत्य का जादू बिखेरेंगी कथक नृत्यांगना मुस्कान नागपाल, बडवानी में कथक नृत्य की कार्यशाला
स्पीक मैके के तत्वावधान में जनजातीय क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण छात्रों के लिए विशेष शास्त्रीय नृत्य कार्यशाला, प्रतिष्ठित कलाकार देंगे प्रस्तुति।

बड़वानी। सत्याग्रह लाइव। भारतीय शास्त्रीय नृत्य और संस्कृति को जनजातीय क्षेत्रों में लोकप्रिय बनाने के लिए स्पीक मैके द्वारा बड़वानी में 21 से 26 जुलाई तक कथक नृत्यांगना मुस्कान नागपाल की कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
युवाओं में भारतीय संस्कृति, शास्त्रीय संगीत और नृत्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्पीक मैके (SPIC MACAY) द्वारा बड़वानी में विशेष सांस्कृतिक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक अनिल जोशी ने बताया कि जनजातीय क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण छात्र-छात्राओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के लिए प्रतिष्ठित कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।
प्रतिष्ठित कलाकार ग्रामीण अंचलों में देंगे प्रस्तुति
अनिल जोशी ने बताया कि स्पीक मैके के कलाकार देश के सुदूर कोनों और ग्रामीण इलाकों में सीमित संसाधनों वाले स्कूलों व कॉलेजों में अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। इस माध्यम से हर बच्चे के जीवन को भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ा जा रहा है।
मुस्कान नागपाल 21 से 26 जुलाई तक करेंगी प्रशिक्षण
बड़वानी में 21 से 26 जुलाई तक कथक नृत्यांगना मुस्कान नागपाल विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कार्यशालाएं लेंगी। मुस्कान नागपाल, कथक केंद्र नई दिल्ली से प्रशिक्षित हैं और प्रसिद्ध गुरु किशन महाराज एवं रानी खानम की शिष्या हैं। वे दूरदर्शन की इंपैनल्ड कलाकार भी हैं।
11 वर्षों से शास्त्रीय नृत्य व संस्कृति के प्रचार में सक्रिय
मुस्कान नागपाल पिछले 11 वर्षों से भारतीय शास्त्रीय नृत्य व संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं। उनकी प्रस्तुति से बड़वानी के विद्यार्थियों को शास्त्रीय नृत्य की बारीकियों को जानने व सीखने का अवसर मिलेगा।