मध्यप्रदेशइंदौरमुख्य खबरे

इंदौर-मुंबई वंदे भारत की मांग दोहराई, सुमित्रा महाजन ने फिर लिखा रेल मंत्री को पत्र

इंदौर से मुंबई के बीच वंदे भारत शुरू करने और दुरंतो एक्सप्रेस को रोजाना चलाने की पुरजोर मांग, फरवरी 2024 में भी उठाया था मुद्दा

इंदौर; पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने इंदौर से मुंबई के बीच वंदे भारत ट्रेन की मांग एक बार फिर दोहराई है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर दुरंतो को प्रतिदिन चलाने और तेज रफ्तार ट्रेन सेवा शुरू करने की सिफारिश की है।

 

इंदौर से आठ बार सांसद और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष रह चुकीं सुमित्रा महाजन ने इंदौर से मुंबई के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग को लेकर एक बार फिर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। महाजन ने लिखा कि इंदौर-मुंबई रूट पर अवंतिका एक्सप्रेस रोजाना चलती है जबकि दुरंतो एक्सप्रेस सप्ताह में केवल दो दिन — रविवार और शुक्रवार — चलती है। इस रूट पर यात्री दबाव बेहद अधिक है, इसलिए वंदे भारत जैसी तेज रफ्तार ट्रेन की शुरुआत आवश्यक है।

दुरंतो को रोजाना करने की सिफारिश

महाजन ने सुझाव दिया कि यदि वंदे भारत की शुरुआत तत्काल संभव नहीं है तो दुरंतो एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाया जाए। साथ ही इसके समय में बदलाव कर यात्रियों की सुविधा बढ़ाई जाए। उन्होंने लिखा कि मैं आशा करती हूं कि इस सुझाव का परीक्षण कर उचित निर्णय लिया जाएगा।

फरवरी 2024 में भी उठाया था मुद्दा

यह पहला मौका नहीं है जब महाजन ने यह मांग उठाई हो। फरवरी 2024 में भी उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिखा था और बताया था कि 39 वर्षों से अवंतिका एक्सप्रेस रोज चल रही है लेकिन दुरंतो सप्ताह में केवल दो दिन। महाजन ने यह भी बताया था कि इस रूट पर 40 से अधिक बसें और फ्लाइट्स भी रोजाना चलती हैं, जो यात्रियों की संख्या का प्रमाण है।

दुरंतो यात्रियों की पहली पसंद, स्टॉपेज पर सवाल

महाजन ने अपने पत्र में इस बात का भी जिक्र किया कि इंदौर से मुंबई जाने वाले यात्रियों की पहली पसंद दुरंतो एक्सप्रेस है। यह ट्रेन रात 9 बजे इंदौर से चलती है और सुबह 8:20 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचती है। दूसरी ओर अवंतिका एक्सप्रेस शाम 5 बजे रवाना होती है और सुबह 6:30 बजे मुंबई पहुंचती है। यात्रियों की मांग है कि दुरंतो को सूरत और वापी में भी स्टॉप दिया जाए क्योंकि अवंतिका रात 2:30 बजे सूरत पहुंचती है जो असुविधाजनक है।

इंदौर-मुंबई दुरंतो: ट्रेन नंबर और सुविधाएं

इंदौर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12228 है जो इंदौर जंक्शन से मुंबई सेंट्रल तक सप्ताह में दो दिन संचालित होती है। इसमें 1ए, 2ए, 3ए, 3ई और एसएल क्लास के कोच होते हैं।


हाईलाइट्स

  • पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने रेल मंत्री को फिर लिखा पत्र

  • इंदौर-मुंबई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग दोहराई

  • दुरंतो एक्सप्रेस को रोजाना और समय में सुधार की सिफारिश

  • फरवरी 2024 में भी यही मुद्दा उठाया था सुमित्रा महाजन ने

  • यात्रियों की मांग- दुरंतो को सूरत और वापी में भी मिले स्टॉपेज

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button