ग्वालियर: चंबल से निकलेगा नए विकास का रास्ता, सिंधिया और सीएम यादव ने गिनाईं उपलब्धियाँ, ग्वालियर को 281 करोड़ की सौगात, सीएम मोहन यादव ने किए विकास कार्यों का भूमिपूजन

ग्वालियर। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ISBT परिसर से 281 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने चंबल क्षेत्र को वीरों की धरती बताते हुए इसे दिल्ली-मुंबई से आगे ले जाने की बात कही। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया और सांसद कुशवाहा ने भी विकास योजनाओं की सराहना की।
विकास कार्यों का लोकार्पण और ऐतिहासिक जुड़ाव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर में 281 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर और उज्जैन का ऐतिहासिक रिश्ता रहा है, दोनों ने मिलकर पानीपत की लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने चंबल को वीरों की धरती बताया और ऑपरेशन सिंदूर, सुखाई विमान और क्षेत्रीय बहादुरी की मिसालें दीं। सीएम ने ग्वालियर को आने वाले समय में दिल्ली-मुंबई से आगे निकलने वाला शहर बताया।
उद्योग, रोजगार और बदले हालात की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल के बीहड़ों में कभी गोलियों की आवाजें गूंजती थीं, अब वहां उद्योग लग रहे हैं और पर्यटन बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि ग्वालियर में सिक्स लेन निर्माण, वेस्टर्न बायपास और एयरपोर्ट के विस्तार जैसे प्रोजेक्ट चल रहे हैं। साथ ही 12 हजार करोड़ की योजनाओं पर कार्य हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्वालियर में रोजगार और औद्योगिक विकास की संभावनाएं निरंतर बढ़ रही हैं।
सिंधिया व सांसद कुशवाहा की प्रशंसा और मांगें
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की तारीफ करते हुए उन्हें ड्यूरासेल बैटरी जैसा ऊर्जावान बताया। उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर धाम के लिए 82 करोड़ की स्वीकृति को ऐतिहासिक बताया। वहीं, सांसद भारत सिंह कुशवाहा ने प्रधानमंत्री को “चाय वाला” और मुख्यमंत्री को “गाय वाला” बताते हुए 20 करोड़ की मांग अटल स्मारक के लिए रखी। उन्होंने भाजपा सरकार की निरंतर विकास यात्रा को रेखांकित किया।