गाजियाबाद में RCB गेंदबाज यश दयाल पर महिला ने लगाया शोषण का आरोप, मामला सीएम योगी कार्यालय तक पहुंचा
यश दयाल पर गंभीर आरोप: महिला ने रिश्ते में धोखे, शारीरिक और आर्थिक शोषण की शिकायत दर्ज कराई

गाजियाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के गेंदबाज यश दयाल पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने क्रिकेटर पर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय तक पहुंच गई है।
पीड़िता का कहना है कि वह पिछले 5 साल से यश दयाल के साथ रिलेशनशिप में थी और उसने धोखा दिया, साथ ही आर्थिक नुकसान भी पहुंचाया। महिला ने बताया कि जब उसने यश से सवाल किए तो उसने गाली-गलौच और मारपीट की।
महिला का दावा है कि यश दयाल कई अन्य लड़कियों से भी संबंध में है। महिला ने महिला हेल्पलाइन पर भी कॉल किया लेकिन कोई ठोस सहायता नहीं मिली। अब वह सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रही है।
इस मामले में पुलिस भी सक्रिय हो गई है। डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि पोर्टल पर शिकायत मिली है, जिसमें युवती ने यश दयाल पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं और यश दयाल को 24 घंटे के भीतर बयान दर्ज कराने को कहा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और कानूनी तरीके से की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। अगर आरोप सही पाए गए तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यश दयाल की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से फैल रहा है, जिससे क्रिकेट जगत में भी हलचल मच गई है।