इंदौरमध्यप्रदेशमुख्य खबरे

ढाई घंटे विमान में बंद रहे 80 यात्री, फिर भुवनेश्वर रवाना हुई फ्लाइट

इंदौर, सत्याग्रह लाइव; इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते रनवे से लौट आई। विमान में सवार 80 से अधिक यात्रियों को ढाई घंटे तक इंतजार करना पड़ा। सुधार के बाद उड़ान फिर से रवाना की गई।

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब इंडिगो की भुवनेश्वर जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E 6332 टेकऑफ से पहले ही रनवे के बीच से लौट आई। एयरबस A320 नियो विमान में उस समय 80 से अधिक यात्री सवार थे। तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई, जिसके बाद विमान को रोकना पड़ा।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, फ्लाइट में माइनर टेक्निकल फॉल्ट की सूचना मिली थी। इंजीनियरों की टीम ने तत्परता से निरीक्षण कर सुधार कार्य किया, जिसके बाद विमान दोबारा उड़ान भरने के लिए रवाना किया गया। यह पूरी प्रक्रिया लगभग ढाई घंटे चली। इस दौरान सभी यात्री विमान के अंदर ही रहे।

फ्लाइट का शेड्यूल भुवनेश्वर से सुबह 6:15 बजे इंदौर पहुंचने और फिर सुबह 9 बजे रिटर्न उड़ान भरने का था। हालांकि इस गड़बड़ी ने पूरे शेड्यूल को प्रभावित किया। यह फ्लाइट भुवनेश्वर से आगे अहमदाबाद के लिए भी उड़ान भरती है।


लगातार उड़ानों की रद्दीकरण से यात्री परेशान

रविवार की रात एअर इंडिया की इंदौर-दिल्ली उड़ान AI804 को भी बिना पूर्व सूचना के रद्द कर दिया गया। इसी दिन दिल्ली से इंदौर आने वाली एअर इंडिया की AI803 भी कैंसल रही। दोनों ही फ्लाइट्स के रद्द होने का कारण अभी तक सामने नहीं आया है।

शनिवार को भी इंडिगो की इंदौर-जबलपुर फ्लाइट अंतिम समय में रद्द की गई थी। यात्रियों को पहले उड़ान में देरी की सूचना दी गई, फिर उन्हें विमान के पास ले जाकर घंटों बस में बैठाकर वापस टर्मिनल लाया गया। नाराज यात्रियों के विरोध के बाद एयरलाइन ने किराया लौटाने और री-बुकिंग की पेशकश की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!