बड़वानीमुख्य खबरे
बड़वानी: सांसद गजेंद्र सिंह पटेल की हालत स्थिर, डॉक्टरों की निगरानी में जारी है इलाज

बड़वानी। रमन बोरखड़े। खंडवा-बरवानी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल की तबीयत में अब सुधार है। सोमवार सुबह अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल बड़वानी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें बुखार, उल्टी और पेट में तेज दर्द की शिकायत थी।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सांसद पटेल की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों के साथ-साथ सर्जरी विभाग की टीम भी इलाज में सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
डॉक्टरों ने जरूरी जांचें शुरू कर दी हैं और फिलहाल उन्हें आराम की सलाह दी गई है। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक इलाज के बाद उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने जानकारी दी कि सांसद पटेल को फिलहाल डॉक्टरों की सघन निगरानी में रखा गया है।
परिवार के सदस्य और भाजपा कार्यकर्ता भी अस्पताल में मौजूद हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।