
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगिनी एकादशी का अद्भुत संयोग, इंदौर की 500 महिलाओं ने रचा इतिहास
इंदौर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और योगिनी एकादशी का अद्भुत संयोग इंदौर में ऐतिहासिक बन गया। इस विशेष अवसर पर देवी कौशल्या योग संघ की संचालिका एवं योग विदुषी रौशनी सचदेव ने 500 महिलाओं को एक साथ योग करवाने का संकल्प लिया और अथक प्रयास से इसे सफल बनाकर इंदौर शहर में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें केवल महिलाओं ने ही भाग लिया और बड़ी संख्या में एकत्र होकर सामूहिक योग कर एकता, ऊर्जा और स्वास्थ्य का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम में पार्षद कंचन गिदवानी, समाजसेवी जया बालचंदानी, मिसेज ज्योति तोमर तथा अन्मोल परियाणी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिनका आयोजकों द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
समाजसेवी जया बालचंदानी ने अपने संबोधन में कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। यह तन, मन और आत्मा को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखता है। भाग्यशाली हैं वे लोग जो इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाते हैं।”
इस प्रेरणादायक कार्यक्रम का आभार महक रहेजा ने व्यक्त किया और आयोजन को सफल बनाने में सभी सहभागी महिलाओं और सहयोगियों का धन्यवाद किया।इंदौर ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि जब संकल्प महिलाओं का हो, तो सफलता सुनिश्चित होती है।