देवास मेडिकल कॉलेज में दो सनसनीखेज वारदात: डॉक्टर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार, हॉस्टल में छात्रा पर हमला

देवास के एक निजी मेडिकल कॉलेज में दो चौंकाने वाली घटनाओं ने जिले को हिला दिया है। एक डॉक्टर पर नाबालिग मरीज से दुष्कर्म का आरोप लगा है, वहीं हॉस्टल में एक अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
देवास ; मध्य प्रदेश के देवास जिले में स्थित अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एक ही दिन में दो अलग-अलग गंभीर घटनाओं का केंद्र बन गया। पहली घटना में एक वरिष्ठ डॉक्टर पर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप है, जबकि दूसरी घटना में एक अज्ञात व्यक्ति ने छात्रावास में घुसकर एमबीबीएस की छात्रा से यौन हमले की कोशिश की।
डॉक्टर ने परामर्श के बहाने किया शोषण
‘बैंक नोट प्रेस’ थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने जानकारी दी कि डॉ. रूपम जैन (35 वर्ष) ने 17 वर्षीय लड़की को मेडिकल परामर्श के लिए बुलाया था। पीड़िता दो महीने पहले अपने माता-पिता के साथ डॉक्टर से मिल चुकी थी। 18 जून को डॉक्टर ने उसे कॉलेज परिसर के अपने आवास पर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बुधवार को आरोपी डॉक्टर को भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
छात्रावास में घुसा चाकूधारी, छात्रा की सूझबूझ से बची जान
उसी रात कॉलेज परिसर के छात्रावास में एक अज्ञात व्यक्ति ने घुसपैठ कर दी। आरोपी छात्रा के कमरे में पहुंचा और गले पर चाकू रखकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। लेकिन छात्रा ने समझदारी दिखाते हुए बेहोश होने का नाटक किया और आरोपी से पानी मंगवाया। जैसे ही वह पानी लेने गया, छात्रा ने शोर मचाया और मौके से भाग निकली। आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
डॉक्टर को किया गया बर्खास्त, छात्राओं का प्रदर्शन
कॉलेज के निदेशक सुरेश भदौरिया ने बताया कि डॉ. जैन के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिली थीं और 5 जून को ही उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। संस्थान पुलिस को पूरा सहयोग दे रहा है। इन दो घटनाओं के बाद छात्राओं ने परिसर में विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने और हॉस्टल में घुसे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।