बड़वाह। सीएम ने 266 करोड़ के विकास कार्यों किया लोकार्पण और भूमिपूजन….विधायक ने रखी मांगें, सीएम ने दिया आश्वासन…

कपिल वर्मा बड़वाह। बड़वाह विधानसभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समृद्ध निमाड़ की आधारशिला रखते हुए निमाड़ क्षेत्र की 266 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का गुरुवार को लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने बेड़िया की मिर्ची मंडी के विकास के लिए लगभग 65 करोड़ रु के विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 21 करोड़ रु की लागत से बनने वाले बेड़िया बायपास को भी स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने खनगांवखेड़ी मार्ग में बाकुड़ नदी पर स्वीकृत पुल के निर्माण हेतु 4.32 करोड़ रु तथा बासवा-घोंसला मार्ग पर सिकडई नदी पर पुल निर्माण हेतु स्वीकृत 5.74 करोड़ रु की राशि प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने ढकलगांव के आवागमन मार्ग निर्माण की भी घोषणा की। नागरिकों की मांग पर मुख्यमंत्री ने बड़वाह के जयंती माता मंदिर तक जाने हेतु सीसी रोड निर्माण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु चोरल नदी पर रिटर्निंग वॉल निर्माण को शीघ्र मंजूरी देने के प्रति आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने जयंतीमाता मंदिर क्षेत्र में विकास हेतु 2 करोड़ रु घोषणा की। सभा के प्रारंभ में विधायक सचिन बिरला ने मुख्यमंत्री को निमाड़ की संस्कृति के प्रतीक के रूप में साफा पहना कर स्वागत किया।मंच पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील,भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राम्हणे, विधायक बालकृष्ण पाटीदार,राजकुमार मेव,छाया मोरे,पूर्व विधायक हितेंद्रसिंह सोलंकी,बड़वाह नपाध्यक्ष राकेश गुप्ता,नपा उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल भाजपा मंडलों के अध्यक्ष और भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे।
सांसद ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। सांसद ने क्षेत्र कृषि महाविद्यालय खोलने की मांग की सांसद ने कहा कि ओंकारेश्वर तीर्थ क्षेत्र के विकास हेतु सरकार ने 2250 करोड़ रु देने की घोषणा की है। सांसद ने कहा कि ओंकारेश्वर से खेड़ीघाट तक स्नान घाट निर्माण बनाए जाएंगे। विधायक सचिन बिरला ने मुख्यमंत्री के समक्ष बड़वाह विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को मंजूरी देने की मांग की। बिरला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बेड़िया मिर्ची मंडी के विकास के लिए 65 करोड़ रु की मंजूरी दी है।
इस राशि से मिर्ची मंडी में किसानों की सुविधा के लिए 40 करोड़ रु की लागत से 6 हजार मीट्रिक टन के 5 कोल्ड स्टोरेज निर्माण किया जाएगा जाएगा। प्रत्येक कोल्ड स्टोरेज की क्षमता 1.50 लाख बोरी संग्रहण क्षमता होगी। इसके अलावा मंडी प्रांगण में ही 90 लाख रु की लागत से ट्रॉली शेड निर्माण,4.50करोड़ रु की लागत से हाईराइज शेड का निर्माण किया जाएगा। 3.30 करोड़ रु की लागत से बाउंड्री वॉल निर्माण एवं पथ प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
60 लाख रु की लागत से कृषक विश्राम गृह एवं केंटिन निर्माण,70 लाख रु की लागत से व्यापारी व्यवसायिक भवन,50 लाख रु की लागत से पेयजल टंकी,पार्किंग,मवेशियों के किए पानी पिलाने की व्यवस्था,7 करोड़ रु की लागत से पहाड़ लेवलिंग,1.80 करोड़ रु की लागत से सीसी रोड निर्माण किया जाएगा। मिर्ची मंडी में 1 करोड़ रु की लागत से परीक्षण प्रयोगशाला निर्माण किया जाएगा।
पुरानी मिर्ची मंडी प्रांगण में 2.45 करोड़ रु की लागत से सीसी रोड निर्माण,30 लाख रु की लागत से विद्युतीकरण,80लाख रु की लागत से ट्रॉली शेड निर्माण,20 लाख रु की लागत से प्याऊ,पाइप लाइन,15 लाख रुपए की लागत से सुविधाघर,15 लाख रु की लागत से कृषक विश्राम गृह, 20लाख रुपए की लागत से चेकपोस्ट एवं गेट निर्माण,25 लाख रु की लागत से नाली निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ग्राम बेड़िया में घनी बसावट एवं एकमात्र संकरे मार्ग पर चारों तरफ के यातायात का दबाव होने के कारण प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए 21.25 करोड़ रुपए की लागत से 3 किमी लंबा खरगोन-सनावद एमपीआरडीसी मार्ग पर ग्राम बेड़िया कृषि उपज मंडी से रिलायंस जियो पेट्रोल पंप तक 2 लेन बायपास रोड का निर्माण करने की घोषणा की और बेड़िया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन करने की घोषणा भी की।