फ्लाईओवर लोकार्पण को लेकर जबलपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने वाटर कैनन से खदेड़ा

जबलपुर। शहर में निर्माणाधीन फ्लाई ओवर ब्रिज के लोकार्पण को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता ब्रिज का प्रतीकात्मक उद्घाटन करने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही रोक दिया और वाटर कैनन (पानी की बौछार) का प्रयोग कर खदेड़ दिया। इसके बाद कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि फ्लाई ओवर ब्रिज बनकर पूरी तरह तैयार है, लेकिन राजनीतिक खींचतान के कारण जनता इसका उपयोग नहीं कर पा रही है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा, “यह जनता का फ्लाईओवर है, जनता ही इसका उद्घाटन करेगी।”
लोकार्पण में देरी पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी
कांग्रेस ने चार दिन पूर्व प्रशासन को ज्ञापन देकर चेतावनी दी थी कि यदि निर्धारित समय में फ्लाईओवर का विधिवत लोकार्पण नहीं हुआ, तो पार्टी स्वयं उद्घाटन करेगी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि लगभग 1000 करोड़ की लागत से प्रदेश का सबसे लंबा फ्लाई ओवर ब्रिज बनकर तैयार हो चुका है। मार्च में लोकार्पण होना था, लेकिन अब जून बीतने को है।
राजनीतिक द्वंद को जिम्मेदार ठहराया
कांग्रेस ने मंत्री राकेश सिंह और सांसद आशीष दुबे के बीच चल रही आपसी खींचतान को लोकार्पण में देरी का मुख्य कारण बताया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह योजना वर्ष 2014 में यूपीए-2 शासन के दौरान तत्कालीन सांसद विवेक तंखा के प्रयासों से स्वीकृत हुई थी।