एक पेड़ मां के नाम; विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा ने शुरू किया विशेष अभियान, पौधारोपण के साथ ली पर्यावरण सुरक्षा की शपथ

बड़वानी। रमन बोरखड़े। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की गई। गुरुवार को जिला अध्यक्ष अजय यादव ने ग्राम छोटी खरगौन के शांति मुक्तिधाम परिसर में पौधारोपण कर अभियान की विधिवत शुरुआत की। इस दौरान गायत्री मंत्रों के उच्चारण के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा, जो भाजपा के वरिष्ठ नेता कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती तक चलने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों का हिस्सा है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले भर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। जिला अध्यक्ष अजय यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा न केवल राष्ट्र निर्माण, सेवा और सुशासन की दिशा में काम कर रही है, बल्कि पर्यावरण और स्वास्थ्य जैसे विषयों को भी प्राथमिकता दे रही है।
मंडल अध्यक्ष गोलू यादव ने बताया कि शांति मुक्तिधाम परिसर में पीपल, नीम, शीशम, सागवान, बिल्वपत्र, आम और जामुन जैसे फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया है। पूरे मंडल में पौधारोपण के ज़रिए आम जनता को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान में जितेंद्र यादव, महेंद्र पंवार, संजय भायल, संदीप गौरे, मोहन भायल, प्रदीप बरफा, अजय चोयल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।