बलवाड़ी में परशुराम जयंती मनाई, शोभायात्रा निकली

सेंधवा। ग्राम बलवाड़ी में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई गई। जिसमें समाजजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सर्व ब्राह्मण समाज ने इस अवसर पर शोभायात्रा का आयोजन किया। शोभायात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर से शुरू हुई। इसमें सजे हुए रथ पर भगवान परशुराम की प्रतिमा विराजमान की गई। यात्रा बाबा रामदेव मंदिर से होते हुए महात्मा गांधी रोड पर पहुंची। फिर बस स्टैंड और सर्वेश्वर मंदिर के रास्ते से होकर लक्ष्मी नारायण मंदिर लौट आई। कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने हिस्सा लिया। युवा और महिला मंडल की सदस्य भी मौजूद रहीं। मंदिर में भगवान परशुराम की महा आरती की गई। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया। माहेश्वरी समाज के विशाल लड्डा द्वारा शीतल पेय वितरित किया गया। इसके बाद कार्यक्रम का समापन लक्ष्मी नारायण मंदिर में भोजन प्रसादी के बाद हुआ। उक्त कार्यक्रम में समाज जनों में श्री राधेश्याम जोशी, धन्ना लाल जोशी, दिगंबर पुरोहित, अरुण जोशी, विक्की बागदरे, अनिल जोशी, नंद किशोर तिवारी, जगदीश व्यास, अशोक ओझा, नवनीत उपाध्याय, नंदु ओझा और महिला मंडल सम्मिलित हुए।