खरगोनमध्यप्रदेशमुख्य खबरे

बड़वाह। तपती गर्मी में पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए मिट्टी के सकोरे किए वितरित…

कपिल वर्मा बड़वाह। पर्यावरण संरक्षण में पक्षियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। पक्षियों की कम होती संख्या चिंता का विषय हैं। पक्षियों का अस्तित्व और संरक्षण मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

ये बातें सुप्रसिद्ध पर्यावरण संरक्षक शंखपुष्पी महाराज ने रविवार को सामाजिक संस्था जय हिंद ब्रिगेड के तत्वावधान में आयोजित मिट्टी के सकोरे वितरण समारोह में व्यक्त किए। महाराज जी ने सनावद नगर में पर्यावरण प्रेमी नागरिकों को 5 सौ मिट्टी के सकोरे निःशुल्क वितरित किए।

महाराज जी द्वारा वर्ष 1998 से लेकर आज तक पूरे देश में लगभग 10 लाख 11 हजार मिट्टी के सकोरों का निःशुल्क वितरण किया जा चुका है। महाराज जी ने कहा कि पशु-पक्षियों का अस्तित्व मानव के अस्तित्व से जुड़ा हुआ है। प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में प्रत्येक प्राणी और वनस्पति की भूमिका होती है। इसलिए पशु-पक्षियों और वृक्षों का संरक्षण और संवर्द्धन वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

महाराजजी ने अपने मुख से शंख ध्वनि निकाल कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सचिन बिरला ने कहा कि मूक पशु-पक्षियों की सेवा हम सबका कर्त्तव्य है और यह बड़े ही पुण्य का कार्य है। विधायक ने नागरिकों से अपने घरों,परिसरों और उद्यानों में पक्षियों के दाना-पानी के लिए मिट्टी के सकोरे स्थापित करने और सकोरों में नियमित दाने और पानी डालने का आव्हान किया।

विधायक ने शंखपुष्पी महाराज के सकोरे वितरण अभियान को अनूठा और अनुकरणीय बताते हुए कहा कि पक्षियों की जीवन रक्षा भी एक बड़ी तपस्या है। हमसे जितना भी हो सके पशु-पक्षियों की सेवा के लिए समय और संसाधन का उपयोग करना चाहिए। विधायक ने महाराज जी के अभियान के लिए 11 हजार रु की आर्थिक सहायता प्रदान की और कहा कि प्रतिवर्ष मिट्टी के सकोरे बांटने के अभियान के लिए 21 हजार रुपए की सहायता निरंतर प्रदान की जाएगी।

विधायक ने कहा कि नगर में पशु-पक्षियों के लिए सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था करने की नगरपालिका के सहयोग से की जाएगी। विधायक के आव्हान पर समारोह में उपस्थित पर्यावरण प्रेमी नागरिकों ने भी शंखपुष्पी महाराज को सकोरे वितरण अभियान के लिए मुक्तहस्त आर्थिक सहायता प्रदान की। समारोह के संयोजक रशीद जोया ने कहा कि नागरिकों को आवश्यकतानुसार मिट्टी के सकोरों का वितरण का कार्य आगे भी जारी रहेगा। जोया ने कहा कि गर्मियों में जलस्त्रोत सूख जाने पर पशु- पक्षी मानव बस्तियों की ओर मुड़ते हैं।

इन्हीं निरीह और मूक पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने का बीड़ा महाराज जी ने उठाया हैं। समारोह को गायत्री परिवार के पं.रवींद्र दुबे, समाजसेवी कानू नागोबा, दिनेश गोलकर, तेजेंदरपालसिंह कपूर और मो.समीर खान ने भी संबोधित किया और पशु-पक्षियों की सेवा का आव्हान किया। इस दौरान जय हिंद ब्रिगेड के सदस्य विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मीनारायण पटेल, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मानसिंह राठौर, राकेश गीते, जाहिद निजामी, वरुण गुर्जर,राकेश प्रजापत,नरेंद्र राठौर, पार्षद पवन इंगला, श्याम मूंदड़ा, अमन जोया,समीर मिर्जा सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी नागरिक उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!