खंडवा; राजस्व की भूमि वन विभाग को कब्जा दिलाने गए थे, विरोध देखकर बेरंग लौटना पड़ा

खंडवा। मुश्ताक मंसूरी। गुड़ी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत राजस्व की काबिज भूमि को राजस्व विभाग ने वन अमले को सौपने की तैयारी कर ली। जिसमे अनेक ग्रामों में कुछ भूमियों को चिन्हित कर वन विभाग को दिया जा रहा है, लेकिन उसमे कुछ भूमियों पर पूर्व से कब्जे कर लोग खेती कर रहे है। जिसके चलते कोई भी आसानी से जमीन छोड़ने को तैयार नही है। शुक्रवार राजस्व अमला व वन अमला संयुक्त कार्रवाई करने ग्राम भीलखेडी पहुंचे। टीम देखकर कब्जे धारियों ने जमकर हंगामा किया और जमीन छोड़ने को तैयार नहीं हुए। लोगों का आक्रोश देख टीम भी कुछ नहीं कर पाई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक बुजुर्ग महिला यह कहते नजर आई की जंगल कट गया वह तो पहले कब्जा हटा लो। हमारे पूर्वज इस जमीन पर खेती करते आ रहे, हमे क्यो परेशान कर रहे है। महिला का विरोध देखकर राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार बलराम सिंह चौहान व गुडी वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र पटेल टीम को लेकर वापस लौट आये। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इस संबंध में नायब तहसीलदार बलराम सिंह चौहान ने बताया की जिला कलेक्टर के आदेश पर राजस्व की भूमि वन विभाग को हस्तानातरित करने गए थे, लेकिन अतिक्रमण कारियों ने विवाद किया। जिसमे महिलाएं भी शामिल थी। इसलिए वापस आकर अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गयी है।
