सेंधवा; पिकअप की टक्कर से सड़क किनारे खड़े दंपति की मौत, एक साल का नाती घायल

सेंधवा। सत्याग्रह लाइव। सेंधवा से बड़ी बिजासन माता मंदिर दर्शन करने जा रहे दंपति को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं उनका एक साल का नाती घायल हो गया। दंपति नाती को लेकर सड़क किनारे खड़े थे। इस दौरान इंदौर से मुंबई की ओर जा रहे पिकअप वाहन ने टक्कर मारी।
पिकअप महिला को करीब 150 फीट तक घसीटता ले गया। शव पिकअप वाहन के नीचे बाइक के साथ दबा मिला। एक हाथ का पंजा भी कटकर दूर जा गिरा। पिकअप का ड्राइवर मौके से भाग निकला।
पुलिस के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। सेंधवा निवासी संजय मंडले पत्नी कल्पना (40) और नाती अंशु के साथ बड़ी बिजासन माता के मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। नेशनल हाईवे पर गवाड़ी गांव में ग्रामीण श्रद्धालुओं को चाय बांट रहे थे। पति-पत्नी बाइक खड़ी कर चाय पीने लगे। इसी दौरान इंदौर में सब्जी खाली कर मुंबई की ओर जा रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनको टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही बिजासन चौकी प्रभारी धनेश्वर पाटील पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल बच्चे को एंबुलेंस से इलाज के लिए सेंधवा पहुंचाया। उन्होंने बताया कि पिकअप वाहन जब्त कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी चालक को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
चाय पीने रूके और हो गया हादसा-
गवाड़ी में पेट्रोल पंप के आगे नवरात्रि में माता के दर्शन के लिए पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं को चाय बांटने के लिए स्टॉल लगाते हैं। सुबह करीब 6 बजे बाइक सवार पति-पत्नी और एक बच्चा चाय पीने रुके थे। सड़क किनारे बाइक के पास ही वे लोग चाय पी रहे थे। इसी बीच पिकअप वाहन ने उनको टक्कर मार दी।