वैष्णो देवी की यात्रा में शामिल हुआ शाहरूख, दिया भाईचारे का संदेश

– भगवा वेश में चुनरी बांध कर कांवड़ियों के साथ साइकिल से निकला वैष्णो देवी की यात्रा पर

भीकनगांव। श्रावण मास में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी वैष्णो देवी यात्रा के लिए कांवड़ियों का जत्था साइकिल से रवाना हुआ। स्थानीय भोला चौक से 93 कांवड़ियों का जत्था साइकिल से मोठी माता मंदिर पहुंचा। जहां से माताजी का पूजन, आरती कर वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। सैकड़ों की संख्या में महिला पुरूषों ने कांवड़ियों को फूलमाला तथा चुनरी ओढ़ाकर उनके कुशल एवं सुखद यात्रा की कामना की। लगातार 25 वर्षों से कांवडिये साइकिल से करीब 1800 किमी की माता वेष्णो देवी की यात्रा 18 दिन में पुरी कर वापस लौटते है। इस बार की कांवड़ यात्रा में एक मुस्लिम युवक शाहरूख तंवर भी शामिल होकर माता वेष्णो देवी के दर्शन करने जाने की नगर में खूब चर्चा है। शाहरूख तंवर ने बताया कि वह अपने परिवार जनों तथा माता (अम्मी) से सहमति और आशिर्वाद लेकर कांवड़ियों के साथ वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहा हूं। एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में कांवड़ियों की व्यवस्थाओं को लेकर वहां कि सरकारों ने दुकानों तथा प्रतिष्ठानों पर नामकरण करने की मुहिम छेड़ रखी है ओर विपक्षी पार्टीयां सरकार के इस फैसले का पुरजोर विरोध कर रही है। वहीं दूसरी तरफ भीकनगांव का शाहरूख ने भगवा वेश धारण कर वैष्णों देवी यात्रा पर निकल हिंदू मुस्लिम एकता का संदेश दे रहा है।
