मध्य प्रदेश की नई मुख्य सचिव बनीं वीरा राणा, प्रदेश की दूसरी महिला चीफ सेक्रटरी

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो जाने के बाद 1988 बैच की वरिष्ठतम आईएएस अधिकारी वीरा राणा को मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा जा रहा है। वीरा राणा प्रदेश की दूसरी महिला आईएएस अधिकारी होंगी जिन्हें मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी मिलने जा रही है। सामान्य प्रशासन विभाग ने वीरा राणा को मुख्य सचिव का प्रभार देने के आदेश जारी कर दिए हैं। 1988 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी वीरा राणा के पास माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल तथा कृषि उत्पादन आयुक्त मध्य प्रदेश (अतिरिक्त प्रभार) प्रभार है।
सामान्य प्रशासन के आदेश के अनुसार उनको अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। राणा बैंस के बाद मध्य प्रदेश में पदस्थ सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं। वह 2024 में सेवानिवृत्त होगी। इससे पहले प्रदेश के आईएएस अधिकारी अजय तिर्की, संजय बंदोपाध्याय और अनुराग जैन का नाम भी मुख्य सचिव की रेस में था, लेकिन यह अधिकारी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर है। इसमें अजय तिर्की दिसंबर 2023, संजय बंदोपाध्याय अगस्त 2024 और अनुराग जैन अगस्त 2025 में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।