श्री श्रीविद्याधाम पर घट स्थापना के साथ चैत्र नवरात्रि महोत्सव का हुआ शुभारंभ
आज से सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ – प्रतिदिन विभिन्न अनुष्ठान होंगे – 21 विद्वान शामिल हुए

इंदौर। विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर चैत्र नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ बुधवार सुबह आश्रम के अधिष्ठाता ब्रम्हलीन स्वामी गिरिजानंद सरस्वती भगवन की प्रेरणा से महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में आश्रम के 21 विद्वानों द्वारा घट स्थापना के साथ हुआ। गुड़ी का पूजन भी किया गया। महोत्सव में आश्रम पर सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ भी होगा।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं.दिनेश शर्मा एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि महोत्सव में प्रतिदिन संध्या वंदन, वेदपाठ राजोपचार पूजन, सामूहिक दुर्गा पाठ, ललिता सहस्त्र नामावली से लक्षार्चन आराधना के अलावा महाअष्टमी एवं रामनवमी पर 30 मार्च को सौभाग्यवती एवं कन्यापूजन के अनुष्ठान भी होंगे। राम जन्मोत्सव 30 मार्च को दोपहर 12 बजे मनाया जाएगा।
घटस्थापना के बाद ध्वजारोहण, मंडल स्थापना, पंचाग कर्म एवं नवान्ह पारायण के साथ रामायणजी की स्थापना भी की गई। महाष्टमी एवं रामनवमी पर सौभाग्यवती एवं कन्यापूजन तथा दोपहर 12 बजे राम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 30 मार्च को महायज्ञ की पूर्णाहुति दोपहर 3 बजे होगी। आश्रम पर चैत्र नवरात्रि में प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से संध्या वंदन, 7 बजे से वेदपाठ, अभिषेक एवं आरती, प्रातः 9 बजे से सग्रहमख ग्रहशांति, दोपहर 2.30 बजे से सामूहिक दुर्गा सप्तशती हवनात्मक पाठ, सांय 6 बजे से लक्षार्चन आराधना एवं सांय 7.30 बजे से महाआरती का क्रम जारी रहेगा। आश्रम पर हनुमान जयंती महोत्सव में गुरुवार 6 अप्रैल को सुबह 6 बजे षोडशोपचार पूजन, अभिषेक, श्रृंगार एवं जन्मोत्सव के बाद आरती तथा प्रसाद वितरण के आयोजन होंगे।