कैलाश विजयवर्गीय के समक्ष कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए सैकड़ो कार्यकर्ता

इंदौर। भाजपा द्वारा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को विधानसभा 1 से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से कांग्रेस को लगातार नुकसान नजर आ रहा है। अब कांग्रेस नेता अमन यादव ने अपने सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस छोड़कर कैलाश विजयवर्गीय के समक्ष भाजपा का दामन थाम लिया। कल रात बाणेश्वर कुंड पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमन यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। अमन यादव ने बताया कि जब से भाजपा ने कैलाश विजयवर्गीय को क्षेत्र एक का प्रत्याशी बनाया है, तब से ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने की इच्छा थी। उनके ऊर्जावान नेतृत्व को देखकर अच्छा लगता है, उनके साथ काम करने का मन था, वह जनता के नेता है, इस वजह से अपने सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हुआ हूं। वहीं सामाजिक दृष्टिकोण से भी अमन यादव का भाजपा में शामिल होना कांग्रेस के लिए नुकसानदायक हो सकता है। सामान्यतः कांग्रेस यादव समाज को अपना वोट बैंक मानकर चलती है ऐसे में अमन यादव के भाजपा में शामिल होने से यादव समाज का वोट भी भाजपा की ओर मुड़ने की संभावनाएं जताई जा रही है।