विदुषी शुभदा मराठे स्मृति संगीत एवं सम्मान समारोह आज
कार्यक्रम शास्त्रीय गायिका कल्पना झोकरकर देंगी प्रस्तुति
इंदौर। जयपुर अतरौली घराने के शास्त्रीय संगीत परम्परा की स्वनामधन्य प्रतिनिधि, इंदौर की प्रख्यात साधक कलाकार स्व. विदुषी शुभदा मराठे की स्मृति संगीत एवं सम्मान समारोह में 17 सितंबर 2023 को श्री मध्य भारत हिंदी साहित्य समिति में शाम 5 से 7.30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। पूर्वी म्यूजिक ट्रस्ट के सहयोग से होने वाले इस वृहद आयोजन में ख्यात शास्त्रीय गायिका कल्पना झोकरकर अपनी प्रस्तुति देंगी। स्वरों की इस महफिल में शुभदा मराठे की सांगीतिक और अध्यात्मिक जीवन की संकल्प से सिद्धि तक पहुंचने की यात्रा से श्रोतागण रुबरू होंगे। संवादिनी संगत दीपक खसरावल करेंगे और तबले पर राहुल बेने संगत देंगे।
शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में शुभदा ताई का अवदान तो सर्वज्ञात है ही, लेकिन अध्यात्मिक साहित्य के सृजन में भी उनका योगदान उतना ही गहन, गंभीर और सर्वकालिक है। उनके व्यक्तित्व के इस अनछुए पहलूओं को भी विद्वतजनों के सम्मुख रखने के लिए ताई के स्मरणार्थ प्रोत्साहन रूपी युवा सम्मान इंदौर के ही युवा कीर्तनकार ह.भ.प. आचार्य ऐवज भांडारे को प्रदान किया जाएगा। सूत्र संचालन संजय पटेल करेंगे। कार्यक्रम में सभी सुधीजन आमंत्रित हैं।