इंदौर, नए मंदिर पर कलश एवं ध्वजा स्थापना होते ही जयघोष से गूंज उठा छोटा बांगड़दा स्थित लीड्स एनक्लेव क्षेत्र

इंदौर, इंदौर। विनोद गोयल की रिपोर्ट।
छोटा बांगड़दा स्थित लीड्स एनक्लेव में नवनिर्मित आदिनाथ जिन मंदिर पर चल रहे पांच दिवसीय पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में आज सुबह जैसे ही शिखर पर कलश स्थापना कर ध्वजा फहराई गई, समूचा जन सैलाब भगवान के जयघोष से गूंज उठा। इसके पूर्व सुबह पंच कल्याणक स्थल पर मोक्ष का पावन दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित थे।
महोत्सव संयोजक जितेन्द्र पाटौदी, अर्पित जैन एवं निखिल गंगवाल ने बताया कि सुबह अभिषेक और शांतिधारा के बाद मोक्ष कल्याणक का पावन दृश्य निहारने के लिए बड़ी संख्या में समाजबंधु परंपरागत वेशभूषा में आए थे। विद्वान आचार्यों के निर्देशन में पंच कल्याणक की सभी रस्में विधि-विधान के साथ सौल्लास संपन्न हुई। इसके बाद पंच कल्याणक स्थल से मंदिरजी तक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज बंधु भगवान को पालकी में लेकर पहुंचे और मंदिरजी में विराजित किया। शिखर पर कलश स्थापना एवं ध्वजा फहराते ही उपस्थित समाज बंधुओं ने भाव विभोर होकर भगवान के जयघोष से आसमान को गुंजायमान बनाए रखा। दोपहर में समाजबंधुओं के साथ महोत्सव के पात्रों ने प्रथम महामस्तकाभिषेक भी किया।
समापन अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं एवं महोत्सव के पात्रों का सम्मान किया गया। मुनिश्री आदित्यसागर म.सा. की ससंघ सन्निधि में यह महोत्सव अनेक मायनों में अभूतपूर्व रहा। प.पू. मुनिश्री के मंगल प्रवचन भी हुए। महोत्सव के दौरान संजय पापड़ीवाल, नवीन अजमेरा एवं लोकेन्द्र गंगवाल मित्र मंडल के सदस्यों ने विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।