श्रीमंत यशवंतराव होलकर के पराक्रम को जाना शहर की जनता ने
कनाडिय़ा चौराहे पर श्रीमंत की प्रतिमा का होगा अनावरण
प्रतिमा अनावरण समारोह: पूणे से निकली शौर्ययात्रा पहुंची इन्दौर, धनगर समाज सहित अन्य सामाजिक संगठनों ने किया स्वागत
शाम 4 बजे ऊषा नगर स्थित महाराजा यशवंतराव होलकर परिसर से निकलेगी शौर्ययात्रा, हजारों मातृशक्तियों के साथ ही भगवा ध्वज भी लहराऐंगे
इन्दौर । मां अहिल्या की नगरी इन्दौर शहर में एक बार फिर होलकर कालीन इतिहास जीवंत हो उठा। पूणे से निकली शौर्ययात्रा ने जब शहर की सीमा में जैसे ही प्रवेश किया वह क्षेत्र श्रीमंत यशवंतराव होलकर के जयकारों से गूंज उठा। हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमुदाय ने न सिर्फ श्रीमंत यशवंतराव होलकर की प्रतिमा का पूजन किया बल्कि उनके पराक्रम, साहस, कुशल नेतृत्व व उनके इतिहास को भी जाना।
शौर्ययात्रा एवं प्रतिमा स्थापना समिति संयोजक सुधीर देडग़े, सहसंयोजक रविन्द्र भुसारी ने बताया कि शुक्रवार को शौर्ययात्रा ने राऊ चौराहे पर जैसे ही प्रवेश किया वहां उपस्थित धनगर समाज ने यात्रा की अगवानी की। यात्रा के दौरान सभी जनमानस ने श्रीमंत यशवंतराव होलकर के जयकारे लगाते हुए मार्ग में शामिल होते चले गए। यात्रा के मार्ग में पेय पदार्थ के साथ ही स्वल्पहार की व्यवस्था भी की गई थी। शौर्ययात्रा राऊ चौराहे से होते हुए एबी रोड़, राजेंद्र नगर, प्रतीक सेतू, अन्नपूर्णा, नरेंद्र तिवारी मार्ग होते हुए महाराज यशवंतराव होलकर स्कूल पहुंची जहां इस शौर्ययात्रा का समापन हुआ। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें कलाकारों द्वारा होलकर राजवंश सहित श्रीमंत यशवंतराव होलकर का इतिहास नाटक के माध्यम से जीवंत किया गया।
हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शन-पूजन करने- कनाडिय़ा चौराहे पर प्रतिमा अनावरण से पूर्व श्रीमंत यशवंतराव होलकर की पूणे से इन्दौर की 700 किलोमीटर की शौर्ययात्रा निकाली गई। सात दिवसीय इस शौर्ययात्रा में 15 हजार से अधिक समाज बंधुओं के साथ ही प्रत्येक क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने इस यात्रा में अपनी भागीदारी दर्ज की। जगह-जगह यात्रा का विभिन्न मंचों से स्वागत व सम्मान भी किया गया। शौर्ययात्रा जिस भी स्थान से निकली वहां की जनता को श्रीमंत यशवंतराव होलकर के इतिहास से भी रूबरू कराया गया साथ ही उनके द्वारा ब्रिटिश सरकार के समय लड़े गए 18 युद्धों को भी इस दौरान बताया गया।
13 मई को इन्दौर में निकलेगी शौर्ययात्रा- अध्यक्ष अविनाश भांड यात्रा प्रभारी किरण जोशी ने बताया कि पूणे से इन्दौर की यह शौर्ययात्रा 13 मई को शहर पहुंचेगी। इसी दिन ऊषा नगर स्थित महाराजा यशवंतराव होलकर स्कूल से भव्य शौर्ययात्रा दोपहर 3 बजे निकाली जाएगी। शौर्ययात्रा में दो पहिया एवं चार पहिया वाहन पर महिला, पुरूष, युवा व युवती शामिल होंगे जो महाराजा यशवंतराव होलकर के इतिहास से शहरवासियों को रूबरू कराएंगे। ऊषा नगर से प्रारंभ शौर्ययात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कनाडिय़ा चौराहा पहुंचेगी जहां इस यात्रा का समापन होगा।
नगर पालिका निगम व महापौर परिषद के सदस्यों की उपस्थिति में होगा लोकार्पण समारोह- शनिवार 13 मई को शाम 7 बजे आयोजित होने वाले इस लोकार्पण एवं सम्मान समारोह का आयोजन नगर पालिका निगम द्वारा किया जाएगा। प्रतिमा अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग नितिन गड़करी, श्रीमंत युवराज यशवंतराव होलकर (तृतीय), सांसद शंकर लालवानी, एचएम रेवन्ना, पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन, विधायक महेंद्र हार्डिया, कैलाश विजयवर्गीय, जयपालसिंह चावड़ा, गौरव रणदीवे, मुन्नालाल यादव, राजेश उदावत, नंदकिशोर पहाडिय़ा, राकेश जैन, पार्षद प्रणव मंडल के साथ ही कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्ष महापौर पुष्यमित्र भार्गव करेंगे।