इंदौर से विनोद गोयल की रिपोर्ट:—-
इंदौर। राष्ट्र संत स्व भय्यू जी महाराज के जयंती पर आज बापट चौराहा स्थिर सूर्योदय आश्रम पर धार्मिक आयोजनों के साथ निःशुल्क चिकित्सा शिविर, भजन, सुंदरकांड, सम्मान समारोह एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया। अध्यात्म के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के विचार को आगे बढ़ाने वाले संत भय्यूजी महाराज की जयंती पर सूर्योदय आश्रम पर सुबह 8 बजे गादी पूजन हुआ जिसमें 21 ब्राह्मणों द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। तत्पश्चात इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन हुआ। चिकित्सा शिविर में डॉक्टरों द्वारा 500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 35 लोगों को ऑपरेशन की सलाह दी गयी। इन सभी लोगों के ऑपरेशन की व्यवस्था सूर्योदय परिवार द्वारा की जाएगी।
चिकित्सा शिविर के पश्चात वारकरी सम्प्रदाय के सेवाधारियों को शॉल श्रीफल से सम्मानित किया गया। गुरुदेव भय्यूजी महाराज के जन्म दिवस पर डॉ आयुषी देशमुख द्वारा भक्तों को 111 फलदार पौधे वितरित किये गए। अपरान्ह 1 बजे से संध्या 5 बजे तक महाप्रसादी का आयोजन हुआ जिसमें हजारों भक्तों ने महाप्रसादी ग्रहण किया। शाम को भव्य सुन्दरकाण्ड का आयोजन हुआ। भय्यू महाराज के जयंती पर हकतों को सम्बोधित करते हुए डॉ आयुषी देशमुख ने कहा कि वो भय्यूजी महाराज के विचारों को अध्यात्म एवं समाज सेवा के माध्यम से आगे बढ़ाते हुए समाज के सभी वर्गों, विशेषरूप से वंचितों, गरीबों के जीवन सामाजिक एवं आध्यात्मिक क्रांति लाने के पथ पर वो सतत अग्रसर हैं।