सेंधवा में शुरू होगी स्किन बैंक, गंभीर रूप से झुलसे पीड़ितों और गंभीर दुर्घटना के शिकार मरीजों की बच सकेगी जान

सेंधवा। यदि सबकुछ ठीक रहा तो शहर में स्किन बैंक शुरू होगी। जिससे गंभीर रूप से झुलसे पीड़ितों और गंभीर दुर्घटना के शिकार मरीजों की जान बचाई जा सकेगी। स्किन बैंक शुरू करने के सिलसिले में मुस्कान ग्रुप के संदीपन आर्य शहर आए। उन्होंने शहर की मानव सेवा समिति और अर्पण सामाजिक संस्था के सदस्यों से चर्चा की ओर सेंधवा में स्किन बैंक खोलने के लिए आग्रह किया। मुस्कान ग्रुप के संदिपन आर्य ने कहा कि त्वचा को मृतक की जांघ, पीठ या पांव से निकाला जाता है। त्वचा निकालते वक़्त शरीर से ख़ून नहीं निकलता। मरने के छह से आठ घंटे तक मृतक की त्वचा को निकाला जा सकता है। मानव सेवा समिति के नीलेश जैन ने बताया की अगर शहर में स्किन बैंक खुलती है तो गंभीर रूप से झुलसे पीड़ितों और गंभीर दुर्घटना के शिकार मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी। मानव सेवा समिति जल्द ही स्किन बैंक के प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेगा। इसके लिए समिति के सदस्य जल्द ही इस संबंध में एसडीएम अभिषेक सराफ और बीएमओ ओएस कनेल से चर्चा करेगा। 4 लोगों के स्टाप को स्किन निकालने की ट्रेनिंग के लिए इंदौर भेजा जाएगा। जहां मुस्कान ग्रुप के माध्यम से यह लोग प्रशिक्षित होंगे। इसके बाद शहर में स्किन बैंक खोला जा सकेगा। मुस्कान ग्रुप के संदीपन आर्य ने मानव सेवा समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की। इस अवसर पर प्रिंस मंगल, नीलेश जैन, गोविंद मंगल, पंकज मंगल व अन्य उपस्थित थे।